बिलासपुर, 24 जून 2026 (वेदांत समाचार)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के मुख्यालय बिलासपुर में स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के तहत बुधवार को विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान में एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों और महिला कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
इस दौरान निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास और निदेशक तकनीकी (परियोजना एवं योजना) रमेश चन्द्र महापात्र सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने मुख्यालय परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छ एवं स्वस्थ कार्यस्थल के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
अभियान के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। स्वच्छ वातावरण न केवल बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित करता है, बल्कि कार्यस्थल की उत्पादकता और सकारात्मक माहौल को भी बढ़ावा देता है।
गौरतलब है कि एसईसीएल द्वारा 16 जून से 30 जून 2026 तक स्वच्छता पखवाड़ा 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस अवधि में बिलासपुर मुख्यालय सहित कंपनी के विभिन्न संचालन क्षेत्रों में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम, सफाई अभियान, श्रमदान और जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
एसईसीएल प्रबंधन के अनुसार, स्वच्छता पखवाड़ा का उद्देश्य कर्मचारियों, उनके परिवारों और आम नागरिकों के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसके माध्यम से स्वच्छ भारत अभियान को मजबूत करने और स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
स्वच्छता पखवाड़ा के तहत आने वाले दिनों में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके जरिए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

