जिला पंचायत सदस्य पर हमला 5 आरोपी गिरफ्तार... - vedantsamachar.in

जिला पंचायत सदस्य पर हमला 5 आरोपी गिरफ्तार…

कबीरधाम,24 जून (वेदांत समाचार)। जिले में जिला पंचायत सदस्य के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले आरोपियों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने न सिर्फ उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया, बल्कि शहर में उनका जुलूस निकालकर सख्त संदेश भी दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार मरावी अपने क्षेत्र में जनसंपर्क के लिए निकले हुए थे।

इसी दौरान वाहन ओवरटेक करने की बात को लेकर उनका कुछ लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि, विवाद के बाद आरोपियों ने आगे जाकर उनका वाहन रोक लिया और राजकुमार मरावी और उनके चालक के साथ मारपीट करते हुए गाली-गलौज की। घटना की शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उनका जुलूस भी निकाला। बताया जा रहा है कि, गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।