जांजगीर में चाकू लहराकर लोगों को डराने वाला आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने हथियार सहित दबोचा - vedantsamachar.in

जांजगीर में चाकू लहराकर लोगों को डराने वाला आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने हथियार सहित दबोचा

जांजगीर-चांपा, 24 जून 2026 (वेदांत समाचार)। जांजगीर-चांपा जिले की सिटी कोतवाली पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चाकू बरामद कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मड़वा चौक के पास एक व्यक्ति हाथ में धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहा है। आरोपी हथियार लहराकर राहगीरों में भय का माहौल बना रहा था और लोगों को दौड़ाने की कोशिश कर रहा था।

सूचना मिलते ही मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप तथा नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) योगिता खापर्डे को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी कर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

निर्देश मिलने के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस ने ग्राम मड़वा चौक में घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम जयप्रकाश पटेल (33 वर्ष) निवासी ग्राम मड़वा भाटापारा, जांजगीर बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। जांच में आरोपी हथियार रखने का कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, प्रकाश राठौर तथा आरक्षक विनोद राठौर और हजारी लाल मेरसा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर लोगों में भय फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।