भारत प्रशांत क्षेत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता में अमेरिका के साथ खड़ा : गोयल

न्यूयार्क । भारत के वाणिज्य एवं उद्योग, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत अमेरिका व्यापार नीति फोरम का परिणाम भारत और अमेरिका दोनों ही देशों की कंपनियों के लिए अपने व्यापार एवं निवेश को विस्तृत करने के लिए एक अधिक सहज, मैत्रीपूर्ण और भरोसेमंद व्यावसायिक वातावरण के रूप में सामने आया है। वह वाशिंगटन डीसी में व्यापार नीति फोरम (टीपीई) के 13वें मंत्रालयी संवाद के समापन के बाद मीडिया को संबोधित कर रहे थे। आईपीईएफ की चर्चा करते हुए, उन्होंने कहा कि भारत एक मुक्त और खुले भारत प्रशांत क्षेत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता में अमेरिका के साथ खड़ा है।

श्री गोयल ने कहा कि मंत्रालयी बैठकों के स्तर पर फोकस उन परिप्रेक्ष्यों और सिद्धांतों को निर्धारित करना है जिन पर आधिकारिक स्तर पर आगे के सहयोग/वार्ताएं हो सकती हैं। हम 1:1 अनुपात आधारित परिणामों से बाहर निकल चुके हैं और अब बड़े ठोस परिणामों की ओर देख रहे हैं। उन्होंने सूचित किया कि कृषि, पशुपालन, एफएसएसएआई पर आम जैसे विशिष्ट मुद्दों पर प्रगति की जा रही है।

श्री गोयल ने कहा कि जी20 अध्यक्षता भारत के लिए एक महान अवसर है जो आज विकासशील देशों की आवाज है, कम विकसित देश देशों की आवाज है ताकि विश्व हित के क्षेत्रों में जी20 चर्चा में संतुलन लाया जा सके। उन्होंने कहा कि उदाहरण के लिए पर्यावरण के क्षेत्र में जहां यह सभी देशों की सामूहकि जिम्मेदारी है, यह महत्वपूर्ण है कि विकसित देश भी इस बात को स्वीकार करें कि विकासशील देशों को निम्न लागत वित्त, प्रौद्योगिकी सहायता जैसी सकारात्मक कार्रवाइयों की आवश्यकता होगी।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत में जी20 प्राथमिकताओं का व्यापक रूप से स्वागत किया गया है और अमेरिका ने जी20 को वास्तव में एक जीवंत निकाय बनाने के भारत के प्रयासों को पूरी सहायता देने की प्रबिद्धता की है जिसमें हम निर्वहनीयता, जलवायु परिवर्तन, गरीबी उन्मूलन, एसडीजी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जी20 अध्यक्षता उन कई चुनौतियों के लिए नेतृत्व प्रदान करने का एक रोमांचक अवसर होने जा रहा है जो आज विश्व के सामने हैं। भारत में जी20 कार्यों के संबंध में श्री गोयल ने कहा कि यह पूरे देश भर में, हर राज्य में, हर केंद्र शासित प्रदेश में 56 से अधिक स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। बी20 कार्य के तहत स्टार्टअप 20 जैसी नई पहलें भी आरंभ की जाएंगी।