कोरबा, 21 जून 2026 (वेदांत समाचार)। कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत थाना उरगा पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गए आभूषण और करीब 7 लाख रुपये कीमत के टाटा मैजिक वाहन को बरामद कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पहला मामला थाना उरगा क्षेत्र का है, जहां 6 जून 2026 को संतोषी साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर नगदी, आभूषण और अन्य सामान चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर संदेही युवराज कुमार कंवर (19 वर्ष) निवासी ग्राम लालमाटी, थाना उरगा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया करीब 7.50 तोला वजनी चांदी का हाफ करधन तथा अन्य सामग्री बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 16 हजार रुपये बताई जा रही है। बरामदगी के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

वहीं दूसरे मामले में 20 जून 2026 को एक प्रार्थी ने थाना उरगा में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी टाटा मैजिक वाहन क्रमांक CG 12 BT 2852 अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर करन भारद्वाज (20 वर्ष) निवासी नोन्दीरी, थाना करतला को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर वाहन चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई टाटा मैजिक वाहन बरामद कर ली, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस आगे की विवेचना कर रही है।
कोरबा पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा के लिए “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। चोरी, लूट और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है।

