भोपाल, 20 जून 2026 : पिछड़े वर्गों के अधिकारों और सामाजिक न्याय के अग्रदूत, आरक्षण के जनक माने जाने वाले छत्रपति शाहू जी महाराज की जयंती पर आगामी 26 जून को अपना दल (एस) मध्य प्रदेश में प्रदेशव्यापी कार्यक्रम आयोजित करेगा। पार्टी की ओर से यह आयोजन केंद्रीय राज्य मंत्री एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती अनुप्रिया पटेल के निर्देशानुसार तथा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी आर. बी. सिंह पटेल और राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम के मार्गदर्शन में प्रदेश के सभी जिलों में किया जाएगा। कार्यक्रमों की अध्यक्षता कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह बिसेन करेंगे।
जानकारी के मुताबिक, जयंती समारोह को केवल एक औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखकर सामाजिक जागरूकता और संगठन विस्तार के अभियान के रूप में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश के विभिन्न वरिष्ठ नेताओं को जिला प्रभार सौंपे जाएंगे, जो संबंधित जिलों में तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यक्रमों को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी आर. बी. सिंह पटेल ने कहा, “छत्रपति शाहू जी महाराज ने सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए जो ऐतिहासिक कार्य किए, वे आज भी प्रेरणास्रोत हैं। उनकी जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से हम उनके विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। मध्य प्रदेश में पार्टी संगठन इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।”
आगामी कार्यक्रम को लेकर कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह बिसेन न कहा, “छत्रपति शाहू जी महाराज ने सामाजिक न्याय, शिक्षा और समान अवसरों के जिस विचार को अपने जीवन का आधार बनाया, वह आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक है। उनकी जयंती केवल स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दिवस है। अपना दल (एस) मध्य प्रदेश के सभी जिलों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक समरसता और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के प्रति जनजागरण का कार्य करेगा। हम सभी कार्यकर्ताओं से इस आयोजन को ऐतिहासिक और जनभागीदारी से परिपूर्ण बनाने का आह्वान करते हैं।”
वहीं राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा, “छत्रपति शाहू जी महाराज केवल एक शासक नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन के महानायक थे। उन्होंने समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने का जो कार्य किया, वह आज भी हमारी राह प्रशस्त कर रहा है। यह आयोजन युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों को उनके विचारों से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा।”
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सचिव सूर्यभान सिंह, राष्ट्रीय महासचिव युवा मंच डॉ अखिलेश पटेल पूर्व प्रदेश पदाधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश सचिव रोहित चंदेल सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ एवं युवा पदाधिकारियों की सहभागिता रहने की संभावना है। सभी जिलों में संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
आयोजन की रूपरेखा के तहत जिला स्तर पर छत्रपति शाहू जी महाराज के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर संगोष्ठियां, पुष्पांजलि कार्यक्रम, सामाजिक समरसता संवाद तथा पिछड़े वर्गों के अधिकारों पर विचार-विमर्श आयोजित किए जाएंगे। पार्टी का उद्देश्य शाहू जी महाराज के सामाजिक न्याय, शिक्षा और समान अवसरों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है।
गौरतलब है कि अपना दल (एस) ने हाल ही में मध्य प्रदेश में संगठनात्मक विस्तार को गति देते हुए मान सिंह बिसेन को कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीँ आगामी जयंती समारोह को भी व्यापक संगठनात्मक अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी का लक्ष्य प्रदेश में एक मजबूत और प्रभावी राजनीतिक विकल्प के रूप में स्वयं को स्थापित करना है, जिसके लिए जमीनी स्तर पर लगातार गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

