प्रेम संबंधों को छिपाने के लिए मां बनी बेटे की कातिल, प्रेमी संग मिलकर रची 7 वर्षीय मासूम की हत्या की साजिश - vedantsamachar.in

प्रेम संबंधों को छिपाने के लिए मां बनी बेटे की कातिल, प्रेमी संग मिलकर रची 7 वर्षीय मासूम की हत्या की साजिश

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में सात वर्षीय मासूम के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मासूम की हत्या की साजिश उसकी मां ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी। प्रेम संबंधों का राज खुलने के डर से मां ने अपने ही बेटे को मौत के घाट उतरवा दिया।

जानकारी के अनुसार बहसूमा थाना क्षेत्र के रामराज निवासी सात वर्षीय अंगदवीर का चार दिन पहले अपहरण कर हत्या कर दी गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मीरापुर निवासी अर्पित पाराशर को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और मोबाइल फोन की जांच में सामने आया कि अर्पित के मृतक बालक की मां गुरप्रीत कौर से अवैध संबंध थे।

पुलिस के मुताबिक कुछ दिन पहले अंगदवीर ने अपनी मां और अर्पित को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। गुरप्रीत को आशंका थी कि बेटा उसके प्रेम संबंधों का खुलासा परिवार के सामने कर सकता है। इसी डर से उसने प्रेमी के साथ मिलकर बेटे की हत्या की योजना बनाई।

जांच में यह भी सामने आया कि घटना वाले दिन गुरप्रीत ने ही अंगदवीर को यह कहकर अर्पित की कार में बैठाया था कि अंकल उसे चॉकलेट दिलाने ले जा रहे हैं। मां की बात पर भरोसा कर मासूम कार में बैठ गया। इसके बाद अर्पित ने उसका अपहरण कर हत्या कर दी और शव को हस्तिनापुर के जंगल में फेंक दिया।

पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से महत्वपूर्ण चैट और संदेश मिले हैं। इनमें एक संदेश में लिखा था, “काम हो गया है, तेरे बेटे को मार दिया है, टेंशन मत ले।” इन डिजिटल साक्ष्यों ने पूरे षड्यंत्र की परतें खोल दीं। साथ ही जिस रास्ते से कार गुजरी थी, वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में भी आरोपियों की गतिविधियां कैद हो गई थीं।

पूछताछ में गुरप्रीत कौर ने स्वीकार किया कि उसने प्रेमी अर्पित के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। दोनों की योजना थी कि मामला शांत होने के बाद वे कहीं और जाकर शादी कर लेंगे। गुरप्रीत ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति गुरसेवक सिंह से तलाक चाहती थी। उसका पति सऊदी अरब में नौकरी करता है और तलाक देने से इनकार कर रहा था।

एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि गुरप्रीत कौर और उसके प्रेमी अर्पित पाराशर के खिलाफ हत्या और साजिश रचने के आरोप में कार्रवाई की गई है। गुरप्रीत को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि मामले में अन्य साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया जारी है।