अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर छत्तीसगढ़ पब्लिक स्कूल में योग, निबंध, चित्रकला व वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन... - vedantsamachar.in

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर छत्तीसगढ़ पब्लिक स्कूल में योग, निबंध, चित्रकला व वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन…

गेवरा-दीपका, 19 जून(वेदांत समाचार)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ पब्लिक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, झाबर परिसर में एसईसीएल दीपका परियोजना के बैनर तले विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत योगाभ्यास एवं सूर्य नमस्कार से हुई। इस दौरान विद्यार्थियों को योग संबंधी पुस्तिकाओं का वितरण भी किया गया। योग सत्र में विभिन्न योगासन, सूर्य नमस्कार तथा श्वास-प्रश्वास संबंधी क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। योग कार्यक्रम का संचालन एवं मार्गदर्शन पदुम सिंह पैकरा एवं श्रीमती परमजीत भामरा के नेतृत्व में किया गया।

योग कार्यक्रम के पश्चात निबंध, चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। निबंध प्रतियोगिता श्रीमती सुनीता पाटले एवं आकाश साहू के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता का संचालन श्रीमती अंजू बरेन एवं विपिन चंद्र जायसवाल ने किया। वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन श्रीमती अमर ज्योति जांगड़े एवं सुनील सूर्यवंशी की देखरेख में सम्पन्न हुआ।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय के प्राचार्य एस.आर. अमित द्वारा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में विपिन चंद्र जायसवाल ने आभार प्रदर्शन किया। विद्यालय की संचालिका श्रीमती मनोरा लकड़ा एवं कोऑर्डिनेटर नवीन लकड़ा ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय परिवार के सहयोग से संपन्न हुआ।