रायपुर, 19 जून(वेदांत समाचार)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक पात्र परिवार तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ अभियान प्रारंभ करने जा रही है। यह अभियान प्रदेश के 23 जिलों में 31 प्रमुख हितग्राहीमूलक योजनाओं के संतृप्तिकरण का व्यापक कार्यक्रम होगा, जिसके माध्यम से योजनाओं की पहुंच, प्रभावशीलता और पारदर्शिता को नई मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का आधार केवल अधोसंरचना विकास नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार तक शासन की योजनाओं की प्रभावी और समयबद्ध पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं संचालित करना नहीं, बल्कि उनके सकारात्मक परिणाम अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि बस्तर संभाग में वर्ष 2024 से संचालित ‘नियद नेल्लानार’ योजना की सफलता से प्रेरित होकर अब इसी मॉडल को प्रदेश के शेष 23 जिलों में ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ अभियान के रूप में लागू किया जा रहा है। अभियान के तहत रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और सरगुजा संभाग के जिलों में ग्रामीण परिवारों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
अभियान का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों की योजनाओं को एक साझा मंच पर लाकर पात्र हितग्राहियों तक उनका शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करना है। इसके अंतर्गत सामाजिक सुरक्षा, आवास, रोजगार, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, कृषि, कौशल विकास तथा बुनियादी नागरिक सेवाओं से संबंधित 31 योजनाओं का संतृप्तिकरण किया जाएगा।
अभियान की निगरानी के लिए छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसायटी (CHiPS) द्वारा अत्याधुनिक डिजिटल डैशबोर्ड विकसित किया जाएगा, जिसमें राज्य से लेकर ग्राम स्तर तक योजनाओं की प्रगति रियल टाइम में देखी जा सकेगी।
‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ अभियान का संचालन तीन चरणों में होगा। पहले चरण में सर्वेक्षण और डेटा मानचित्रण, दूसरे चरण में विशेष संतृप्तिकरण शिविरों का आयोजन तथा तीसरे चरण में सतत निगरानी एवं मूल्यांकन किया जाएगा। जिला कलेक्टर इसके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि संभागायुक्त और राज्य स्तरीय समिति नियमित समीक्षा करेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह अभियान नागरिक-केंद्रित सुशासन की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक परिवार तक विकास, सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि के अवसर पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ अभियान प्रदेश में सुशासन के नए मानक स्थापित करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

