सुकमा : आठ लाख का ईनामी नक्सली ने किया आत्मसमर्पण

सुकमा, 10 दिसंबर। सुकमा जिले में शुक्रवार को नक्सलियों के दक्षिण बस्तर बटालियन नं. 1 में सक्रिय आठ लाख के इनामी नक्सली ने पुलिस और सीआरपीएफ अधिकारियों के समक्ष बिना हथियार के आत्मसमर्पण किया।

जिले में चलाये जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत छत्तीसगढ़ शासन की “पुनर्वास नीति” तथा सुकमा पुलिस द्वारा चलाये जा रहे “पूना नम अभियान” नई सुबह, नई शुरूआत से प्रभावित होकर प्रतिबंधित नक्सली संगठन में सक्रिय था। आत्म समर्पित नक्सली सोड़ी मुक्का, बटालियन सदस्य, कम्पनी नं. 01, प्लाटून नं. 03 सेक्शन “बी” सदस्य था, जिस पर छग शासन द्वारा 08 लाख रुपये ईनामी घोषित था। आत्म समर्पित नक्सली जिले के किस्टाराम थाना क्षेत्र का है। शुक्रवार को नक्सल ऑपरेशन कार्यालय सुकमा में सीआरपीएफ द्वितीय कमान अधिकारी दीपक कुमार, नक्सल ऑप्स एएसपी किरण चव्हाण के समक्ष बिना हथियार के आत्मसमर्पण किया गया। उक्त नक्सली को आत्मसमर्पण कराने में 206 वाहिनी कोबरा के आसूचना शाखा एवं उप महानिरीक्षक सीआरपीएफ, रेंज सुकमा के आरएफटी का विशेष योगदान रहा। आत्मसमर्पित नक्सली को छत्तीसगढ़ शासन की पुर्नवास योजना के तहत प्रोत्साहन राशि व अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएगी।

नक्सल ऑपरेशन एएसपी किरण चव्हाण ने कहा कि, नक्सलियों के दक्षिण बस्तर बटालियन नं. 01 में सक्रिय आठ लाख के इनामी नक्सली ने बिना हथियार के आत्मसमर्पण किया। शासन की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर ईनामी नक्सली ने आत्मसमर्पण किया है। उन्होंने बताया कि अपील करते हुए कहा कि नक्सल संगठन से जुड़े युवा समाज के मुख्यधारा में लौट आए। शासन की पुनर्वास नीति के तहत उनको लाभ प्रदान किया जाएगा।