सारंगढ़-बिलाईगढ़, 17 जून। कोतवाली पुलिस ने अवैध जुआ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छह जुआरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से कुल 17,400 रुपये नगद, पांच मोबाइल फोन, तीन मोटरसाइकिल तथा 52 पत्ती ताश जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले में अवैध जुआ एवं सट्टा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 16 जून 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम गुडेली स्थित सदाबहार ढाबा के पास खुले स्थान पर कुछ लोग ताश के पत्तों से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना पर थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान भरत यादव, शोभाराम यादव, टिकेश्वर साहू, लक्ष्मण दास, शशिभूषण एवं अंकित साहू, सभी निवासी ग्राम गुडेली, को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास एवं जुआ फड़ से कुल 17,400 रुपये नगद, पांच मोबाइल फोन, तीन मोटरसाइकिल तथा 52 पत्ती ताश जब्त की। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया तथा विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव के अलावा प्रधान आरक्षक केशव देवता तथा आरक्षक सुरेंद्र पटेल, संजय भारद्वाज और योगेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि जिले में जुआ एवं सट्टा के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

