NEET पुनर्परीक्षा की तैयारियों का कलेक्टर-एसपी ने लिया जायजा, सुरक्षा और पारदर्शिता पर विशेष जोर - vedantsamachar.in

NEET पुनर्परीक्षा की तैयारियों का कलेक्टर-एसपी ने लिया जायजा, सुरक्षा और पारदर्शिता पर विशेष जोर

कोरबा, 17 जून (वेदांत समाचार)। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) पुनर्परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा संचालन की तैयारियों और अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, पेयजल, शौचालय और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। साथ ही परीक्षा की गोपनीयता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सुरक्षा प्रबंधों को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के भीतर और बाहर संदिग्ध गतिविधियों तथा अनधिकृत प्रवेश पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सतत निगरानी और प्रभावी सुरक्षा प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने परीक्षा के शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित संचालन के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम सरोज महिलांगे, तहसीलदार, संबंधित परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्ष और अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि नीट-यूजी पुनर्परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित होगी। जिले में परीक्षा के लिए चार केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें शासकीय ईवी पीजी कॉलेज कोरबा, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-4, केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 एनटीपीसी कोरबा तथा ईएमआरएस छुरीकला शामिल हैं। परीक्षा में जिले के कुल 1,765 अभ्यर्थी शामिल होंगे।