दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए वोटिंग शुरु, 1349 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे मतदाता

दिल्ली,04 दिसम्बर । दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनाव के लिए आज सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया है। यहाँ सभी 250 वार्डों के उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करने वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस चुनाव के परिणाम 7 दिसंबर को आएंगे । हर बार की तरह इस बार भी सबकी नजर BJP और AAP पर है। भाजपा यहां अपनी साख बचाने में लगी है, तो वहीं आम आदमी पार्टी निगम में अपनी जगह बनाना चाहती है, क्योंकि पिछले 15 साल से निगम की सत्ता भाजपा के हाथ में है। इधर, कांग्रेस पिछली बार से अपनी सीटें बढ़ाना चाहती है।

MCD चुनाव के लिए 1349 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 709 महिला प्रत्याशी हैं। BJP और AAP ने सभी 250 सीटों पर अपने-अपने कैंडिडेट उतारे हैं, जबकि कांग्रेस के 247 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे रहे हैं। JDU 23 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, तो AIMIM ने 15 कैंडिडेट उतारे हैं। BSP ने 174, NCP ने 29, इंडियन मुस्लिम लीग ने 12, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (CPI) ने 3, ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक ने 4, और सपा, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने एक-एक सीट पर प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। इसके अलावा 382 निर्दलीय प्रत्याशी हैं।

चुनाव आयोग ने पूरी दिल्ली में 13,638 मतदान केंद्र बनाए हैं। वोटर्स की सुविधाओं के लिए 68 आदर्श मतदान केंद्र और 68 पिंक मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन पोलिंग बूथ पर कुल 40 हजार जवान की तैनाती की गई है। चुनाव में 56000 EVM मशीन का इस्तेमाल किया जाेगा। बूथों पर चुनाव आयोग ने पारदर्शी तरीके से चुनाव के लिए CCTV लगवाए हैं।

2012 तक, MCD एक हुआ करती थी, लेकिन बाद में इसे ईस्ट, नॉर्थ और साउथ निकायों में बांट दिया गया। बहरहाल, चीजें योजना के अनुसार नहीं हुईं और इस साल की शुरुआत में, केंद्र सरकार ने दिल्ली नगर निगम (संशोधन) विधेयक, 2022 पारित किया।संशोधन के बाद, दिल्ली के ईस्ट, नॉर्थ और साउथ नगर निगमों को मिलाकर एक कर दिया यानी अब दिल्ली में तीन नहीं एक मेयर होगा।