कवर्धा,17 जून (वेदांत समाचर)। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में बुधवार को उस समय हंगामा हो गया जब कवर्धा के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में सड़क हादसे के बाद विवाद बढ़ गया। मामला विश्वेसर पटेल से जुड़ा है, जो गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष हैं और कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त है। घटना के दौरान उनके साथ किसी सुरक्षा गार्ड की मौजूदगी नहीं थी। जानकारी के अनुसार, विश्वेसर पटेल अपने ड्राइवर के साथ कार में सवार होकर जिला मुख्यालय से अपने गांव रोहरा जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक बाइक उनकी कार से टकरा गई। टक्कर के बाद कार रोकी गई तो बाइक सवार दो युवकों और कार सवारों के बीच बहस शुरू हो गई।
आरोप है कि बाइक सवार युवकों ने गाली-गलौज की और आक्रोश में पत्थर उठाकर कार पर हमला करने की कोशिश भी की। स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई। बताया गया कि दोनों युवक उस समय नशे की हालत में थे। घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लिया और पूछताछ की। जांच में उनके नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की जांच आगे भी जारी है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना ट्रांसपोर्ट नगर के बाहरी इलाके में हुई थी। उनके अनुसार, अचानक ब्रेक लगने से पीछे आ रही बाइक कार से टकरा गई थी। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में विवाद हुआ और गाली-गलौज की स्थिति बनी। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी घटना के समय नशे में थे और उनके व्यवहार ने विवाद को बढ़ा दिया। समय रहते पुलिस के पहुंचने से मामला और गंभीर रूप नहीं ले सका। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी देखा जा रहा है कि घटना में और किन परिस्थितियों की भूमिका रही।

