लुटुआ के जंगल में हथियारों का जखीरा, संयुक्त ऑपरेशन में गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद... - vedantsamachar.in

लुटुआ के जंगल में हथियारों का जखीरा, संयुक्त ऑपरेशन में गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद…

बिहार,17 जून : बिहार को नक्सलवाद से मुक्त घोषित किए जाने के बाद भी सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे को लेकर पूरी तरह सतर्क हैं। इसी सतर्कता का परिणाम मंगलवार को गया जिले के लुटुआ थाना क्षेत्र में देखने को मिला, जहां केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने विशेष सर्च एंड डिस्ट्रॉय ऑपरेशन (एसएडीओ) चलाकर जंगल से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की। सुरक्षा बलों का मानना है कि यह सामग्री नक्सलियों अथवा असामाजिक तत्वों द्वारा भविष्य में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से छिपाकर रखी गई थी।

जानकारी के अनुसार, गया जिले के लुटुआ थाना क्षेत्र में खुफिया सूचना मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त अभियान चलाने का निर्णय लिया। इस अभियान का नेतृत्व 47वीं बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट अवधेश कुमार के निर्देशन में डी/47 बटालियन सोनदाहा के सहायक कमांडेंट राजेश कुमार मौर्य ने किया। उनके नेतृत्व में सीआरपीएफ के जवानों और लुटुआ थाना पुलिस की टीम ने मंगलवार सुबह डुमरी गांव के पश्चिम दिशा में स्थित घने जंगल क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।