IND A vs AFG A: फाइनल की उम्मीद बचाने उतरेगी टीम इंडिया A, वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी सबकी नजरें - vedantsamachar.in

IND A vs AFG A: फाइनल की उम्मीद बचाने उतरेगी टीम इंडिया A, वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी सबकी नजरें

दांबुला,17 जून। India A Cricket Team: श्रीलंका में खेली जा रही ट्राई नेशन A सीरीज 2026 में आज भारत A और अफगानिस्तान A के बीच अहम मुकाबला खेला जाएगा। फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए भारतीय टीम को यह मैच हर हाल में जीतना होगा। युवा कप्तान तिलक वर्मा की अगुवाई में टीम इंडिया A जीत के इरादे से मैदान में उतरेगी।

रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में बुधवार को भारत A और अफगानिस्तान A के बीच ट्राई सीरीज का पांचवां मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार मैच का टॉस सुबह 9:30 बजे होगा। टूर्नामेंट में अब तक खेले गए तीन मुकाबलों में भारत A को दो हार का सामना करना पड़ा है, ऐसे में फाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए यह मैच बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

भारतीय टीम की कमान युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा के हाथों में है। टीम में कई ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं जिन्हें भविष्य का स्टार माना जा रहा है। खासतौर पर युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर क्रिकेट प्रेमियों की नजरें टिकी रहेंगी। वैभव ने टूर्नामेंट में अब तक 14, 44 और 21 रन की पारियां खेली हैं और इस मैच में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है।

भारत A के बल्लेबाजी क्रम में प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बदोनी, निशांत सिंधु और सूर्यांश शेडगे जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी प्रभसिमरन सिंह संभाल सकते हैं, जबकि ऑलराउंडर के रूप में विप्रज निगम और निशांत सिंधु टीम को संतुलन प्रदान करेंगे।

गेंदबाजी विभाग में यश ठाकुर, अंशुल कंबोज, अरशद खान, अनुकुल रॉय और अशोक शर्मा पर जिम्मेदारी होगी। दांबुला की पिच आमतौर पर स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है, ऐसे में स्पिनर्स मैच का रुख तय कर सकते हैं।

दूसरी ओर, अफगानिस्तान A की टीम भी टूर्नामेंट में मजबूत प्रदर्शन कर रही है। कप्तान इमरान मीर के नेतृत्व में टीम भारत A को कड़ी चुनौती देने के लिए तैयार है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि युवा भारतीय टीम दबाव के इस मुकाबले में कैसा प्रदर्शन करती है और फाइनल की राह आसान बना पाती है या नहीं।