Janjgir Champa: बनाहिल बाजार से चोरी हुई बाइक 24 घंटे में बरामद, मुलमुला पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार - vedantsamachar.in

Janjgir Champa: बनाहिल बाजार से चोरी हुई बाइक 24 घंटे में बरामद, मुलमुला पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 16 जून (वेदांत समाचर)। जांजगीर-चांपा जिले की मुलमुला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बनाहिल साप्ताहिक बाजार से चोरी हुई मोटरसाइकिल का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई बाइक बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पकरिया (झु) निवासी समीर कुमार मेहर ने थाना मुलमुला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 14 जून 2026 को अपने भाई के साथ बनाहिल साप्ताहिक बाजार गया था। उसने अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG11BM9757 को बाजार परिसर में लॉक कर सुरक्षित स्थान पर खड़ी की थी। बाजार से लौटने पर उसकी बाइक वहां नहीं मिली। काफी तलाश के बाद भी वाहन का कोई पता नहीं चलने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। चोरी गई मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 45 हजार रुपये बताई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में मुलमुला थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बनाहिल निवासी एक युवक चोरी की बाइक के साथ देखा गया है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने बनाहिल निवासी 21 वर्षीय बनवारी यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर साप्ताहिक बाजार परिसर से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर चोरी गई बाइक बरामद कर ली गई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं, मामले में शामिल नाबालिग की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल, एएसआई प्रमोद महार, प्रधान आरक्षक अनिल अजगल्ले तथा आरक्षक गोपेश्वर पटेल, राजेश कश्यप, ओमप्रकाश डहरिया सहित थाना मुलमुला के स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है।