ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी कार्रवाई, 1.295 किलो गांजा के साथ 65 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार... - vedantsamachar.in

ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी कार्रवाई, 1.295 किलो गांजा के साथ 65 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार…

रायगढ़,16 जून (वेदांत समाचर)। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन “आघात” के तहत लैलूंगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.295 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई। थाना लैलूंगा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नवीन कुंजारा क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध गांजा लेकर बिक्री और परिवहन के उद्देश्य से आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कुंजारा कॉलेज के पास नाकाबंदी की।

नाकाबंदी के दौरान पुलिस को मुखबिर के बताए हुलिए का एक व्यक्ति हाथ में थैला लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रूपसिंह सिदार (65 वर्ष), निवासी नवीन कुंजारा, थाना लैलूंगा बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 1.295 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 64,750 रुपये आंकी गई है। गवाहों की मौजूदगी में मादक पदार्थ को जब्त कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गांजा को बिक्री के उद्देश्य से अपने पास रखे हुए था।

इसके बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव, प्रधान आरक्षक बृज किशोर गिरी, प्रधान आरक्षक देव प्रसाद राठिया और आरक्षक शशि भूषण उरांव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ऑपरेशन “आघात” के तहत क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि नशे के नेटवर्क पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।