Kolkata Weather Update: ईडन गार्डन्स पर धुलेगा लगातार दूसरा मैच? KKR vs LSG मैच से पहले ऐसा है मौसम

नई दिल्ली, 09 अप्रैल : IPL 2026 का क्या एक और मैच भारी बारिश की भेंट चढ़ जाएगा? क्या एक और मुकाबले का लुत्फ उठाने से कोलकाता के क्रिकेट फैंस वंचित रह जाएंगे? क्या ईडन गार्डन्स पर लगातार दूसरा मैच पूरा नहीं होगा? क्या फिर से टीमों को अंक बांटने पर मजबूर होना पड़ेगा? ये वो सवाल हैं जो KKR vs LSG मैच से पहले लोगों के जहन में कौतुहल कर रहे हैं. इन सवालों के जवाब कोलकाता के मौसम में छिपे हैं. ऐसे में जानना जरूरी हो जाता है कि कोलकाता का मौसम कैसा है?

KKR का पिछला मैच धुला था
कोलकाता में खेला IPL 2026 का पिछला मैच बारिश में धुल गया था. उस मुकाबले में KKR और पंजाब किंग्स आमने-सामने थी. उस मैच में पहली इनिंग के चौथे ओवर के खेल के दौरान ही बारिश ने मुकाबले में ऐसा खलल डाला कि फिर वो मैच दोबारा शुरू ही नहीं हो सका. नतीजा, वो रद्द हुआ और दोनों टीमों को 1-1 पॉइंट मिले.

एक और मैच धुलने से KKR की बढ़ेंगी मुसीबतें
IPL 2026 के पॉइंट्स टेबल में KKR का खाता उसी 1 अंक से खुला था. लेकिन, अब एक और मैच धुला तो फिर KKR के लिए मुसीबत खड़ी हो सकती है. बारिश की सूरत में KKR को LSG के साथ भी अंक बांटने पर मजबूर होना पड़ सकता है, जिसका असर आगे चलकर उसी सेहत पर दिखाई दे सकता है. LSG अपना पिछला मैच सनराइजर्स हैदराबाद से जीतकर कोलकाता पहुंची है.

LSG vs KKR मैच से पहले कोलकाता का मौसम
LSG और KKR के मैच से पहले कोलकाता के मौसम की बात करें तो एक्यूवेदर के मुताबिक दिन के वक्त बारिश के आसार हैं. लेकिन, जैसे-जैसे शाम होगी, बारिश की संभावना भी कम होगी. मैच के दौरान आसमान में बादल जरूर छाए रहेंगे मगर वो बादल अपने संग बारिश लेकर नहीं आएंगे.

पूरा मैच देखने को मिलेगा
यानी, क्रिकेट फैंस के नजरिए से देखें तो LSG vs KKR मुकाबले से पहले कोलकाता से खबर अच्छी है. मैच के दौरान वहां का मौसम साफ रहेगा और बारिश का अंदेशा भी नहीं है. मतलब ये कि 20-20 ओवरों का पूरा मुकाबला देखने को मिल सकता है.