रायगढ़,16 जून (वेदांत समाचर)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में मालगाड़ी की चपेट में आकर एक जंगली हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर हाथियों का एक बड़ा दल भी पहुंच गया, जिससे वन विभाग और रेस्क्यू टीम को शुरुआती दौर में पास जाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। यह पूरा मामला घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत चारमार गांव का है।
बताया जा रहा है कि कोयला परिवहन वाली रेल लाइन से मालगाड़ी गुजर रही थी, तभी जंगली हाथी मालगाड़ी की चपेट में आ गया। ट्रेन की सीधी टक्कर लगने से जंगली हाथी के एक पैर में बेहद गंभीर और गहरी चोट आई है, जिसके कारण वो दर्द से कराहने लगा। हाथी की आवाज सुनकर उसके दल के अन्य हाथी भी वहां आ पहुंचे, जिसके कारण वन विभाग और रेस्क्यू टीम को उसके पास जाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। डॉक्टरों और विशेषज्ञों की देखरेख में घायल हाथी का इलाज किया गया।

