Weather Alert : पहाड़ों पर बर्फबारी ने बढ़ाई ठंड, दक्षिण में बारिश का कहर, जानें अपडेट…

देश की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में ठंडक का सिलसिला शुरू हो गया है। वहीं तमिलनाडु समेत कई राज्यों में बारिश का कहर जारी है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। इधर सर्दी बढ़ने के बाद भी दिल्ली के हवा गुणवत्ता खराब श्रेणी में बना हुआ है। राजधानी में AQI आज (रविवार) 297 दर्ज किया गया। दिल्लीवासियों को ठंड और प्रदूषण का एकसाथ सामना करना पड़ रहा है। सुबह धुंध ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। सुबह-शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई है। आईएमडी के अनुसार 24 नवंबर के बाद दिल्ली-एनसीआर में ठंड में इजाफा होगा। दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स शनिवार को भी खराब श्रेणी में रिकॉर्ड हुआ था।

इन राज्यों में बारिश की संभावना

आईएमडी के अनुसार एक निम्र दबाव का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना है। यह विक्षोभ में केंद्रित हो सकता है। इसके तमिलनाडु और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ने की संभावना है। IMD ने कहा कि अगले दो दिन बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, पुडुचेपी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों की ओर विक्षोभ का बढ़ना संभव है। अगले 24 घंटे में पुडुचेरी, दक्षिण तटीय आंध्रप्रदेश तमिलनाडु और कराईकल में बरसात हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ये सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस नीचे 27 डिग्री रहा। उत्तर भारत के अन्य प्रदेशों में सर्दी बढ़ी है। जम्मू-कश्मीर में बादल छाए रहने की संभावना है। आईएमडी के मुताबिक रविवार को जम्मू-कश्मीर में हल्की वर्षा संभव है। श्रीनगर में शनिवार को न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस, गुलमर्ग में -1.5 डिग्री सेल्सियस और पहलगाम में -1.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी ने ठंड बढ़ा दी है। कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। भारी बर्फबारी के कारण मनाली-लेह मार्ग बंद है। आईएमडी ने अगले 3 दिन तक मौसम साफ न होने की भविष्यवाणी की है।