CG NEWS : केशलूर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण में देरी पर ठेकेदार को नोटिस, उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश पर कार्रवाई - vedantsamachar.in

CG NEWS : केशलूर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण में देरी पर ठेकेदार को नोटिस, उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश पर कार्रवाई

रायपुर, 12 जून (वेदांत समाचार)। बस्तर जिले में केशलूर के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) परियोजना की धीमी प्रगति पर लोक निर्माण विभाग ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री Arun Sao के निर्देश पर विभाग ने निर्माण एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

गौरतलब है कि उप मुख्यमंत्री श्री साव ने 6 जून को अपने बस्तर प्रवास के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर केशलूर-जगदलपुर मार्ग में किरंदुल-विशाखापट्टनम रेलवे लाइन पर बन रहे फोरलेन रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी गति और तय समयसीमा से पिछड़ने पर ठेकेदार एवं अधिकारियों को फटकार लगाई थी तथा अनुबंध के अनुसार कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

करीब 69.36 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस ओवरब्रिज के संबंध में लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि साइट उपलब्ध होने के बावजूद पर्याप्त मैनपावर, मशीनरी और निर्माण सामग्री की व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण परियोजना निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप आगे नहीं बढ़ सकी है। कार्य की प्रगति स्वीकृत निर्माण कार्यक्रम और तय माइलस्टोन्स से काफी पीछे चल रही है।


विभाग ने नोटिस में यह भी उल्लेख किया है कि कार्य में तेजी लाने के लिए कई बार निर्देश और नोटिस जारी किए जाने के बावजूद निर्माण की गति संतोषजनक नहीं रही। उप मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद ठेकेदार को तत्काल अतिरिक्त संसाधन जुटाकर कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा में परियोजना पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

लोक निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्माण कार्य की प्रगति में शीघ्र और उल्लेखनीय सुधार नहीं हुआ तो अनुबंध की शर्तों के तहत ठेकेदार के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।