धमतरी में गूंजी ट्रेन की सीटी, स्टेशन पर उमड़ा जनसैलाब, बड़ी रेल लाइन का सपना अब हकीकत के करीब... - vedantsamachar.in

धमतरी में गूंजी ट्रेन की सीटी, स्टेशन पर उमड़ा जनसैलाब, बड़ी रेल लाइन का सपना अब हकीकत के करीब…

धमतरी, 12 जून (वेदांत समाचार)। धमतरी शहर में उस समय उत्साह का माहौल बन गया, जब रेलवे स्टेशन पर अचानक ट्रेन की आवाज सुनाई दी। वर्षों से बड़ी रेल लाइन का इंतजार कर रहे लोगों के लिए यह नजारा किसी उत्सव से कम नहीं था। ट्रेन के स्टेशन पहुंचने की खबर फैलते ही लोग घरों और दुकानों से निकलकर रेलवे स्टेशन की ओर दौड़ पड़े। देखते ही देखते स्टेशन परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई और हर कोई अपने मोबाइल कैमरे में इस ऐतिहासिक पल को कैद करता नजर आया।

दरअसल, धमतरी-रायपुर बड़ी रेल लाइन परियोजना अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। रेलवे द्वारा ट्रैक और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच के लिए टेस्टिंग कार्य किया जा रहा है। इसी प्रक्रिया के तहत ट्रेन के स्टेशन पहुंचने से लोगों में उत्सुकता और खुशी दोनों देखने को मिली। जिला कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने बताया कि बड़ी रेल लाइन का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है और वर्तमान में पटरियों की टेस्टिंग जारी है। जल्द ही ट्रायल रन किया जाएगा। ट्रायल सफल होने के बाद स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इस बहुप्रतीक्षित रेल लाइन को हरी झंडी दिखाने की तैयारी है। अभनपुर से धमतरी होते हुए रायपुर तक जुड़ने वाली यह बड़ी रेल लाइन जिले के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। करीब 70 किलोमीटर लंबे इस रेल मार्ग के शुरू होने से यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।

साथ ही व्यापारियों, किसानों, ट्रांसपोर्टरों और स्थानीय उद्योगों को भी सीधा लाभ होगा। रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। यहां आरक्षण काउंटर, प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं और अन्य यात्री सेवाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके। कलेक्टर ने कहा कि बड़ी रेल लाइन शुरू होने के बाद सड़क मार्ग पर निर्भरता कम होगी और लोगों को यात्रा में समय व खर्च दोनों की बचत होगी। शेष कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है और अगले महीने तक पूरी परियोजना तैयार होने की उम्मीद है। धमतरी में अचानक सुनाई दी ट्रेन की सीटी ने साफ संकेत दे दिया है कि जिले का वर्षों पुराना रेल सपना अब जल्द ही पटरी पर दौड़ने वाला है। लोगों की आंखों में दिखी खुशी और उत्साह इस बात का प्रमाण है कि बड़ी रेल लाइन केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास और नई संभावनाओं का द्वार है।