बेंगलुरु, 12 जून । बेंगलुरु की 13 वर्षीय टेनिस खिलाड़ी सृष्टि किरण ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करते हुए अंडर-13 आयु वर्ग में वर्ल्ड नंबर-1 रैंकिंग हासिल कर इतिहास रच दिया है। सृष्टि ने लगातार पांच आईटीएफ जूनियर खिताब जीतने और हाल ही में आईटीएफ वर्ल्ड टेनिस टूर जूनियर्स जे100 ग्वाटेमाला में उपविजेता रहने के दम पर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की। शानदार प्रदर्शन के चलते उनकी आईटीएफ जूनियर रैंकिंग करियर के सर्वश्रेष्ठ नंबर 357 पर पहुंच गई, जिससे वह अपने आयु वर्ग की दुनिया की सबसे ऊंची रैंकिंग वाली खिलाड़ी बन गई हैं।
खास बात यह है कि सृष्टि ने यह मुकाम केवल 8 रैंकिंग टूर्नामेंट खेलकर हासिल किया, जबकि रैंकिंग 10 टूर्नामेंट के आधार पर तय की जाती है। इस ऐतिहासिक सफलता पर सृष्टि ने खुशी जताते हुए कहा कि साल की शुरुआत में उन्होंने इसकी कल्पना भी नहीं की थी और यह उपलब्धि उनके कोच, परिवार और सपोर्ट टीम की कड़ी मेहनत का नतीजा है। अब उनकी नजर यूरोप के बड़े जूनियर टूर्नामेंटों और विंबलडन जूनियर चैंपियनशिप की तैयारी पर है, जहां वह भारत के लिए एक और बड़ी सफलता हासिल करने का लक्ष्य लेकर उतरेंगी।

