नई दिल्ली,11 जून : Harmanpreet Kaur: महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम अपने अभियान का आगाज पाकिस्तान के खिलाफ करने वाली है. ये मुकाबला 14 जून को बर्मिंघम में खेला जाएगा. भारत-पाकिस्तान के बीच मैच में हरमनप्रीत कौर का बनाया पहला रन बड़ा कीमती हो सकता है. कीमती इसलिए क्योंकि उस एक रन के जरिए हरमनप्रीत, महिला T20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने का भारतीय रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगी.
हरमनप्रीत का पहला रन कीमती क्यों?
महिला T20 वर्ल्ड कप में अभी तक सबसे ज्यादा रन का भारतीय रिकॉर्ड मिताली राज के नाम है. हालांकि, इस मामले में हरमनप्रीत कौर उनकी बराबरी कर चुकी है. हरमनप्रीत और मिताली, दोनों के 726-726 रन हैं. लेकिन, इस बार के T20 वर्ल्ड कप में हरमनप्रीत कौर के पास मिताली राज को पीछे छोड़ने का मौका है. ये काम वो अपना पहला रन बनाते ही टूर्नामेंट के पहले मैच में कर सकती हैं, जो कि पाकिस्तान के खिलाफ होना है.
पाकिस्तान के खिलाफ 200 रन पूरे करने का मौका
भारत-पाकिस्तान मैच में पहला रन बनाते ही हरमनप्रीत कौर के पास छा जाने का तो मौका है ही. उसके अलावा वो पाकिस्तान के खिलाफ महिला T20 में अपने 200 रन भी पूरे कर सकती हैं. हरमनप्रीत कौर ने महिला T20 इंटरनेशनल में पाकिस्तान के खिलाफ अब तक 15 मैचों की 12 पारियों में 194 रन बनाए हैं. यानी, महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के पहले मैच में वो 6 रन और बनाती हैं तो पाकिस्तान के खिलाफ T20 इंटरनेशनल में 200 रन पूरे कर लेंगी.
महिला T20I में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय
हरमनप्रीत महिला T20 इंटरनेशनल में पाकिस्तान के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाली तीसरी भारतीय हैं. पाकिस्तान के खिलाफ सबसे ज्यादा 315 रन महिला T20I में मिताली राज ने बनाए हैं. मिताली ने ये रन 10 मैचों की 10 पारियों में बनाए हैं. वहीं लिस्ट में दूसरा नाम स्मृति मंधाना का है, जिन्होंने महिला T20 में पाकिस्तान के खिलाफ खेली 10 मैचों में 10 पारियों में अब तक 239 रन बनाए हैं.
ऐसा करने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनेंगी हरमन
हरमनप्रीत कौर मौजूदा T20 वर्ल्ड कप में एक और उपलब्धि के करीब हैं, जिसे हासिल करने वाली वो दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर होंगी. हरमनप्रीत के पास 200 T20 इंटरनेशनल मैच खेलने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनने का मौका है, जिससे वो बस 3 मैच दूर हैं. अब तक खेले 197 T20 इंटरनेशनल मैचों के करियर में हरमनप्रीत कौर ने 4075 रन 1 शतक और 17 अर्धशतक के साथ बनाए हैं.

