मुंबई, 10 जून, 2026: सोनी सब का शो यादें अपनी दिल छू लेने वाली कहानी और डॉ. देव मेहता (इक़बाल खान) की ज़िंदगी को फिर से खोजने की यात्रा के साथ दर्शकों को लगातार भावनात्मक रूप से जोड़कर रख रहा है। आठ साल की यादें खोने के बाद देव अपने भूले हुए अतीत के जवाब तलाश रहा है और अब एक अप्रत्याशित खुलासा डॉ. सृष्टि (गुलकी जोशी) और डॉ. वाणी की ज़िंदगी हमेशा के लिए बदलने वाला है।
आने वाले एपिसोड्स में, डॉ. देव उस महिला की पहचान जानने के लिए दृढ़ संकल्पित है, जिससे वह कभी प्यार करता था और शादी करने वाला था, लेकिन एक दुःखद हादसे ने उसकी सारी यादें मिटा दीं। डॉ. सृष्टि की मदद से वह अपने अतीत के टुकड़ों को जोड़ने की कोशिश करता है और यह तलाश एक चौंकाने वाली सच्चाई तक पहुँचती है। जब सारे सुराग मिल जाते हैं, तो डॉ. सृष्टि को पता चलता है कि वह रहस्यमयी महिला जिसे देव ढूँढ रहा था, कोई और नहीं बल्कि डॉ. वाणी (सृष्टि सिंह) है। यह खुलासा उसे हैरान कर देता है और वह समझने लगती है कि देव और वाणी का रिश्ता कितना गहरा था और वाणी ने देव की यादें खोने के बाद कितने दर्द को चुपचाप सहा है।
क्या सृष्टि देव और वाणी को फिर से एक-दूसरे तक पहुँचने में मदद करेगी या यह खुलासा उनकी ज़िंदगी में नए इम्तिहान लेकर आएगा?
गुलकी जोशी, जो डॉ. सृष्टि का किरदार निभा रही हैं, कहती हैं, “डॉ. सृष्टि के लिए यह खुलासा पूरी तरह से चौंकाने वाला है। अब तक वह देव को उसके अतीत की झलकियाँ याद दिलाने में मदद कर रही थी, लेकिन यह जानना कि जिस महिला को वह ढूँढ रहा था वह वाणी है, सब कुछ बदल देता है। उस पल में सृष्टि को देव और वाणी की मोहब्बत की गहराई और वाणी के दर्द का एहसास होता है। एक कलाकार के तौर पर सृष्टि की यह भावनात्मक यात्रा निभाना मेरे लिए बेहद असरदार रहा, क्योंकि वह सहानुभूति और हैरानी के बीच फँस जाती है। आने वाले एपिसोड्स में तीनों किरदारों का बेहद संवेदनशील और भावनात्मक पहलू दिखाया जाएगा और मुझे लगता है दर्शक उनकी जद्दोजहद और भावनाओं से गहराई से जुड़ेंगे।”
सोनी सब पर यादें देखना न भूलें, हर सोमवार से शनिवार रात 8:00 बजे।

