रायगढ़ में दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और अश्लील वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार, खुद को पुलिसकर्मी बताकर महिला को फंसाया - vedantsamachar.in

रायगढ़ में दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और अश्लील वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार, खुद को पुलिसकर्मी बताकर महिला को फंसाया

रायगढ़, 10 जून 2026 (वेदांत समाचार)। रायगढ़ पुलिस ने महिला संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने खुद को पुलिस विभाग का कर्मचारी बताकर महिला का विश्वास जीता, शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उसके अंतरंग फोटो-वीडियो वायरल कर ब्लैकमेल करता रहा।


पुलिस के अनुसार, थाना चक्रधरनगर क्षेत्र की 40 वर्षीय महिला ने 28 मई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि मार्च 2026 में कोरबा में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान उसकी मुलाकात बिलासपुर निवासी अक्षय कुमार कुम्हरानी से हुई थी। रेलवे स्टेशन पर हुई इस पहचान के बाद आरोपी ने उसका मोबाइल नंबर लिया और लगातार संपर्क में रहने लगा।

आरोपी ने खुद को पुलिस विभाग में पदस्थ बताते हुए वर्दी पहने तस्वीरें महिला को भेजीं और विवाह करने की इच्छा जताकर उसका विश्वास हासिल किया। बाद में महिला के अकेले रहने की जानकारी मिलने पर वह उसके गांव पहुंचा और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान उसने महिला की जानकारी और सहमति के बिना उसके अंतरंग फोटो और वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए।


पीड़िता ने बताया कि 7 मई 2026 को वह अपनी मां के इलाज के लिए रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल गई थी। वहां भी आरोपी पहुंच गया और उसे अपने साथ घुमाने के बहाने ले गया। इसी दौरान उसने महिला को बताया कि उसके पास अश्लील फोटो और वीडियो हैं तथा संबंध बनाए रखने का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर सामग्री वायरल करने की धमकी दी गई।

महिला की शिकायत के अनुसार आरोपी ने 27 मई को उसके अश्लील फोटो और वीडियो इंस्टाग्राम और फेसबुक पर अपलोड कर दिए। इतना ही नहीं, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के जरिए लगातार अश्लील संदेश भेजते हुए उसे जान से मारने की धमकी भी दी जाती रही। आरोपी महिला को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर ब्लैकमेल करता रहा।


शिकायत के आधार पर थाना चक्रधरनगर में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 69, 296 और 351(3) के साथ आईटी एक्ट की धारा 66-ई, 67 और 67-ए के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना चक्रधरनगर और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने रायगढ़ में घेराबंदी कर आरोपी अक्षय कुमार कुम्हरानी (31 वर्ष), निवासी डोडकी, थाना मस्तुरी, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रियलमी सी-3 मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक एन. बालचंद राव, जेनिपा पन्ना, आरक्षक विक्रम सिंह तथा साइबर सेल के आरक्षक पुष्पेंद्र जाटवर और मनोज पटनायक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में रायगढ़ पुलिस संवेदनशीलता के साथ कठोर कानूनी कार्रवाई कर रही है। सोशल मीडिया के माध्यम से ब्लैकमेलिंग, उत्पीड़न और साइबर अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।