बिलासपुर में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, गांजा और अवैध शराब के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार - vedantsamachar.in

बिलासपुर में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, गांजा और अवैध शराब के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर, 10 जून (वेदांत समाचार)। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 310 ग्राम गांजा, गांजा बिक्री की नकद रकम, 18 लीटर देशी प्लेन शराब तथा 14 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों के कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रतनपुर उपनिरीक्षक विष्णु यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बिरगहनी निवासी जयराम गंधर्व अपने घर में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का भंडारण कर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसके कब्जे से 12 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। वहीं दूसरी कार्रवाई में ग्राम लखराम निवासी देवकुमार उर्फ देवा भारद्वाज के घर से 100 पाव देशी प्लेन शराब, कुल 18 लीटर देशी शराब तथा 2 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई।

इसी दिन पुलिस को ग्राम कलमीटार में अवैध रूप से गांजा बिक्री की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर दुर्गा मंदिर के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की गई, जहां से गीता बाई बंजारे को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 310 ग्राम मादक पदार्थ गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 15 हजार रुपये बताई गई है, तथा गांजा बिक्री से प्राप्त 270 रुपये नकद बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों में गीता बाई बंजारे (39 वर्ष) निवासी कलमीटार, जयराम गंधर्व (50 वर्ष) निवासी बिरगहनी और देवकुमार उर्फ देवा भारद्वाज (48 वर्ष) निवासी लखराम शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट तथा आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

रतनपुर पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।