रायगढ़, 06 जून (वेदांत समाचार)। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खाद की कालाबाजारी का खुलासा किया है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसान बनकर खाद दुकान में पहुंचकर जांच की, जिसमें सिंगल सुपर फॉस्फेट (एसएसपी) खाद की अवैध बिक्री का मामला सामने आया।
जानकारी के अनुसार, लैलूंगा विकासखंड स्थित एक खाद दुकान में एसएसपी खाद, जिसकी निर्धारित कीमत लगभग 750 रुपये प्रति बोरी है, उसे किसानों को 1800 रुपये प्रति बोरी तक बेचा जा रहा था। जांच में किसानों से प्रति बोरी एक हजार रुपये से अधिक की अतिरिक्त राशि वसूलने की पुष्टि हुई।
मां दुर्गा ट्रेडर्स के गोदाम पर कार्रवाई
मामले की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लैलूंगा स्थित मां दुर्गा ट्रेडर्स के गोदाम को सील कर दिया। मौके से 74 बोरी खाद जब्त की गई। साथ ही दुकान में खाद बिक्री पर 10 दिनों का प्रतिबंध लगाया गया है। संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
कलेक्टर ने कहा कि किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खरीफ सीजन में किसानों को निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। कालाबाजारी, जमाखोरी और अधिक मूल्य वसूली करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
जिलेभर में चलेगा जांच अभियान
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले के विभिन्न विकासखंडों में खाद, बीज और अन्य कृषि आदानों के भंडारण एवं विक्रय की नियमित जांच की जाएगी। निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री या कृत्रिम अभाव पैदा करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में उर्वरक निरीक्षक पवन उरांव, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी फुलेश्वर पैकरा सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
किसानों से प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि यदि कहीं खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी या अधिक मूल्य वसूली की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन अथवा कृषि विभाग को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ समय पर सख्त कार्रवाई की जा सके।

