IND vs AFG: अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच की टीम इंडिया ऐसे कर रही तैयारी, दूसरी बार होगा ऐसा - vedantsamachar.in

IND vs AFG: अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच की टीम इंडिया ऐसे कर रही तैयारी, दूसरी बार होगा ऐसा

नई दिल्ली ,03 जून: India vs Afghanistan: आईपीएल 2026 के खत्म होने के बाद अब निगाहें भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले टेस्ट मैच पर जम गई है. दोनों देशों के बीच इकलौता टेस्ट 6 जून से न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मुकाबले की तैयारी में टीम इंडिया पूरे जोर शोर से लगी है. भारतीय टीम की तैयारियों का पहला वीडियो सामने आया है, जिसमें आप भारतीय क्रिकेटरों को T20 वाला अपना गियर बदलकर टेस्ट फॉर्मेट मोड ऑन करते देख सकते हैं.

टीम इंडिया की प्रैक्टिस में क्या-क्या हुआ? VIDEO
BCCI ने अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट की तैयारियों में जुटी टीम इंडिया का पहला वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो की शुरुआत टीम इंडिया की फील्डिंग ड्रील के साथ होती है. उसके बाद बल्लेबाजों की बल्लेबाजी का अभ्यास नजर आता है. नेट्स पर केएल राहुल को कुलदीप यादव और दूसरे भारतीय स्पिनर के सामने अपनी बल्लेबाजी को परखते देखा जा सकता है. राहुल के अलावा यशस्वी जायसवाल भी रेड बॉल के सामने खुद को तैयार करते दिख रहे हैं. वीडियो के आखिर में गौतम गंभीर की भी झलक है जो कि भारतीय खिलाड़ियों की मेहनत पर बाज सी नजरें जमाए दिख रहे हैं.

दूसरी बार होगा ऐसा
भारत और अफगानिस्तान के लिए ये दूसरा मौका होगा, जब वो दोनों टेस्ट क्रिकेट में आमने-सामने होंगे. पहली बार दोनों टीमें साल 2018 में बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी मैदान पर आमने-सामने हुई थीं, जिसमें भारत ने पारी और 262 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी.

न्यू चंडीगढ़ के मैदान पर पहली बार टेस्ट मैच
8 साल बाद अब एक बार फिर से दोनों टीमें आमने-सामने हैं. इस बार मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में है, जिसका टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू होने जा रहा है. ये इस मैदान पर होने वाला पहला इंटरनेशनल मैच भी होगा.