’मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया बना जनसेवा का भरोसेमंद केंद्र, दिव्यांगजनों को मिली तत्काल बैटरी चलित ट्राई साइकिल... - vedantsamachar.in

’मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया बना जनसेवा का भरोसेमंद केंद्र, दिव्यांगजनों को मिली तत्काल बैटरी चलित ट्राई साइकिल…

जशपुरनगर ,03 जून (वेदांत समाचर)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह निवास बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी केंद्र बनकर उभर रहा है। यहां पहुंचने वाले जरूरतमंदों की समस्याओं का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ निराकरण किया जा रहा है।

इसी क्रम में आज मंगलवार को सहायता की उम्मीद लेकर पहुंचे दो दिव्यांगजनों को तत्काल बैटरी चलित ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई। ग्राम चंद्रपुर, तहसील पत्थलगांव निवासी त्रिनाथ पैकरा तथा ग्राम घुघरी, तहसील बगीचा निवासी फूल सुंदरी बाई को बैटरी संचालित ट्राई साइकिल प्रदान की गई। ट्राई साइकिल मिलने से दोनों दिव्यांगजनों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास की नई चमक देखने को मिली। उन्होंने कहा कि अब उन्हें दैनिक कार्यों और आवागमन में काफी सुविधा होगी।

दोनों हितग्राहियों ने इस सहायता के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया के माध्यम से जरूरतमंदों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने की पहल लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। इससे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है तथा सुशासन और संवेदनशील प्रशासन की भावना मजबूत हो रही है।जनसेवा और त्वरित समाधान के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया, जरूरतमंदों के लिए आशा और विश्वास का केंद्र बन गया है।