Raigarh Crime: खेतों के ट्यूबवेल से तांबा वायर चोरी करने वाले तीन चोर और चोरी का माल खरीदने वाला आरोपी गिरफ्तार - vedantsamachar.in

Raigarh Crime: खेतों के ट्यूबवेल से तांबा वायर चोरी करने वाले तीन चोर और चोरी का माल खरीदने वाला आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 2 जून 2026 (वेदांत समाचार)। रायगढ़ जिले में खेतों से ट्यूबवेल के तांबा केबल वायर चोरी की लगातार बढ़ रही घटनाओं पर पुसौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन चोरों और चोरी का माल खरीदने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का तांबा और सिल्वर तार, नगदी रकम तथा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

रायगढ़ पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना पुसौर पुलिस ने यह कार्रवाई की। थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन बैस के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की जांच कर चोरी की वारदात का खुलासा किया।

मामले की शुरुआत 31 मई को हुई, जब पुसौर निवासी किसान उमेश साव ने थाना पुसौर में शिकायत दर्ज कराई कि उनके खेत में लगे ट्यूबवेल से करीब 50 मीटर तांबा केबल वायर अज्ञात चोरों द्वारा काटकर चोरी कर लिया गया है। चोरी गए वायर की कीमत लगभग 13 हजार रुपये बताई गई। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि क्षेत्र के अन्य किसानों के ट्यूबवेल से भी इसी प्रकार की चोरियां हो रही हैं। प्रार्थी ने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के फोटोग्राफ भी पुलिस को उपलब्ध कराए थे।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 152/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने संदिग्ध अमित सारथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी केदारनाथ सारथी के साथ मिलकर ट्यूबवेल से तांबा केबल वायर चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी के बाद तांबा निकालने के उद्देश्य से केबल वायर को समीर सतनामी के साथ मिलकर जलाया गया था। इसके बाद प्राप्त तांबे को बेच दिया गया। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AT 5405 और चोरी से प्राप्त नगदी रकम बरामद की।

इसके बाद पुलिस ने केदारनाथ सारथी और समीर सतनामी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों आरोपियों ने अपराध में अपनी भूमिका स्वीकार की। उनके कब्जे से भी नगदी रकम बरामद की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम चोरी के माल के खरीदार तक भी पहुंची। पुलिस ने सक्ती जिले के चन्द्रपुर में रहने वाले दिनेश देवांगन को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी का तांबा और सिल्वर तार खरीदने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से 8 किलो तांबा तार और 2 किलो सिल्वर तार बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने चोरी की संपत्ति को बेईमानीपूर्वक खरीदने और रखने के आरोप में दिनेश देवांगन के खिलाफ भी धारा 317(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।

गिरफ्तार आरोपियों में पुसौर के सारथी मोहल्ला निवासी 24 वर्षीय अमित सारथी, 39 वर्षीय केदारनाथ सारथी, जूटमिल थाना क्षेत्र के कोड़ातराई निवासी 20 वर्षीय समीर सतनामी तथा सक्ती जिले के चन्द्रपुर निवासी 32 वर्षीय दिनेश देवांगन शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुसौर पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस बीच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने जिलेवासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की चोरी, संदिग्ध गतिविधि या अपराध से जुड़ी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।