राजस्थान से जगदलपुर आकर कर रहा था अफीम की सप्लाई, 66,500 रुपये की अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार - vedantsamachar.in

राजस्थान से जगदलपुर आकर कर रहा था अफीम की सप्लाई, 66,500 रुपये की अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार

जगदलपुर, 2 जून 2026 (वेदांत समाचार)। बस्तर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम की अवैध तस्करी और बिक्री में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना कोतवाली पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 133.3 ग्राम अफीम (ओपियम) बरामद की है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 66,500 रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से राजस्थान के जोधपुर का रहने वाला है और वर्तमान में जगदलपुर में किराए के मकान में रहकर मादक पदार्थों की सप्लाई कर रहा था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में जिले में नशे और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना कोतवाली जगदलपुर को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गोयल बाड़ी तिराहा मुख्य मार्ग के पास अफीम बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है।

सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार डी. धोत्रे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जगदीश चौधरी (29 वर्ष) पिता धनाराम चौधरी बताया। वह वर्तमान में जगदलपुर के कुम्हारपारा क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था, जबकि उसका स्थायी निवास राजस्थान के जोधपुर में है।

तलाशी के दौरान पुलिस को उसके कब्जे से एक संदिग्ध मादक पदार्थ मिला। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से बरामद पदार्थ को शिलाजीत बताया। हालांकि पुलिस को संदेह होने पर एफएसएल किट के माध्यम से पदार्थ की जांच कराई गई, जिसमें वह अफीम (ओपियम) निकली।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 133.3 ग्राम अफीम बरामद कर उसे जब्त कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी बरामद मादक पदार्थ रखने और उसकी बिक्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। बाद में उसने अफीम की बिक्री करने की बात स्वीकार कर ली।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को आरोपी को विशेष एनडीपीएस न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक अरुण मरकाम, प्रमोद ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक दिलीप मंडल, प्रमोद सिन्हा, प्रधान आरक्षक विनोद चांदने तथा आरक्षक बलराम कश्यप, थीबरू राम बघेल, सोमलु कश्यप, तोमन बघेल, बंसी मौर्य और हरीश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बस्तर पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।