Sakti Crime: घर में अकेली महिला से छेड़छाड़, आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार

सक्ति, 7 अप्रैल 2026। सक्ती जिले के थाना क्षेत्र में घर में अकेली महिला से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 6 अप्रैल 2026 की है जब पीड़िता घर पर अकेली थी। इसी दौरान गांव जगदल्ला निवासी श्रवण पटेल उर्फ सरवन पटेल उसके घर पहुंचा और बाहर से पानी मांगा। पीड़िता द्वारा पानी देने पर आरोपी ने बुरी नीयत से उसका हाथ पकड़कर छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला द्वारा विरोध और खुद को छुड़ाने की कोशिश करने के बावजूद आरोपी नहीं रुका। बाद में पीड़िता के शोर मचाने पर वह मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद पीड़िता ने थाना सक्ती में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 156/2026 के तहत धारा 74 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की। आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई और उसे उसके निवास स्थान से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक लखन लाल पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम के सदस्य नीलमणी कुसुम, शब्बीर मेमन, राधेश्याम लहरे, श्याम गबेल, प्रमोद खाखा, बृजमोहन नेताम तथा महिला आरक्षक अनिता कंवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।