6वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, पुलिस अधिकारियों ने दिया करियर मार्गदर्शन - vedantsamachar.in

6वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, पुलिस अधिकारियों ने दिया करियर मार्गदर्शन

रायगढ़, 1 जून 2026 (वेदांत समाचार)। 6वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल उर्दना, रायगढ़ में सोमवार को मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान एवं करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करना तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए उचित दिशा-निर्देश प्रदान करना था।

कार्यक्रम का आयोजन सेनानी श्रीमती निवेदिता पॉल के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर उप सेनानी श्रीमती वर्षा मिश्रा, उप सेनानी अनिल विश्वकर्मा, सहायक सेनानी ब्रजेश तिवारी, सहायक सेनानी सुरेश लकड़ा, सहायक सेनानी एरमन खलखो सहित वाहिनी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उन कर्मचारियों के बच्चों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया जिन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।इस दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा के अवसरों, पुलिस एवं प्रशासनिक सेवाओं सहित अन्य रोजगारोन्मुखी क्षेत्रों की विस्तृत जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने विद्यार्थियों की रुचि और योग्यता के अनुरूप करियर चयन करने के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया। साथ ही सफलता प्राप्त करने के लिए आवश्यक तैयारी, समय प्रबंधन, लक्ष्य निर्धारण तथा प्रभावी अध्ययन रणनीतियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में एपीसी नीलमणी प्रधान की पुत्री कु. तमन्ना प्रधान ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की। इसके अलावा आरक्षक राजबल निराला के पुत्र गौरव निराला ने 87.66 प्रतिशत, प्रधान आरक्षक छोटेलाल सूर्यवंशी की पुत्री कु. तमन्ना सूर्यवंशी ने 87 प्रतिशत तथा आरक्षक समीर सिदार के पुत्र साहिल सिदार ने 80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।वहीं हायर सेकेंडरी परीक्षा में प्रधान आरक्षक मंजीत यादव के पुत्र अभिषेक यादव ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। ट्रेड आरक्षक ज्ञानसिंह कंवर की पुत्री कु. छाया कंवर ने 89.60 प्रतिशत अंक अर्जित कर परिवार और वाहिनी का नाम रोशन किया।

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, नियमित अध्ययन और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों ने भी भाग लिया और करियर संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।कार्यक्रम के अंत में सभी मेधावी विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र एवं पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। यह आयोजन विद्यार्थियों के मनोबल को बढ़ाने और उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।