सुशासन तिहार छत्तीसगढ़ में जनकल्याण और विकास का नया आयाम : अमित चिमनानी - vedantsamachar.in

सुशासन तिहार छत्तीसगढ़ में जनकल्याण और विकास का नया आयाम : अमित चिमनानी

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में संचालित सुशासन तिहार जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान छत्तीसगढ़ में सुशासन, जनसरोकार और जनकल्याण का नया आयाम स्थापित कर रहा है।

हाल ही में जनता से दुर्व्यवहार के आरोप में एक अधिकारी के निलंबन का उल्लेख करते हुए चिमनानी ने कहा कि राज्य की संवैधानिक व्यवस्था में जनता का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनता सर्वोपरि के सिद्धांत पर कार्य कर रही है और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि तीन चरणों में आयोजित सुशासन तिहार के माध्यम से पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसंवाद को बढ़ावा मिला है। इसका उद्देश्य शासन को अधिक जनकेंद्रित बनाना, जनता का विश्वास मजबूत करना तथा विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का आकलन करना है।

उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत लोगों की शिकायतें और समस्याएं न केवल सुनी जा रही हैं, बल्कि उनके निराकरण के लिए त्वरित कार्रवाई भी की जा रही है। इससे समाज के विभिन्न वर्गों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है और शासन के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है।

चिमनानी ने कहा कि सुशासन तिहार को लेकर प्रदेशभर में उत्साह का माहौल है। उन्होंने दावा किया कि भीषण गर्मी के बावजूद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा के जनप्रतिनिधि लगातार जनसमस्याओं के समाधान के लिए मैदान में सक्रिय हैं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस अभियान को लेकर भ्रम फैलाने तथा जनहित के कार्यों में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास किया है।

उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार प्रदेश सरकार की संवेदनशीलता, तत्परता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बन चुका है तथा इसके सकारात्मक परिणाम समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहे हैं।