गेवरा क्षेत्र में समिति गठन को लेकर विवाद गहराया, पूर्व मान्यता प्राप्त समितियों से ही वार्ता की मांग - vedantsamachar.in

गेवरा क्षेत्र में समिति गठन को लेकर विवाद गहराया, पूर्व मान्यता प्राप्त समितियों से ही वार्ता की मांग

गेवरा-दीपका। हिन्द खदान मजदूर फेडरेशन (एचएमएस) ने एसईसीएल गेवरा क्षेत्र में विभिन्न समितियों के गठन एवं उनकी वैधानिकता को लेकर गंभीर आपत्ति दर्ज कराते हुए प्रबंधन से केवल पूर्व में मान्यता प्राप्त समितियों के साथ ही चर्चा और वार्ता करने की मांग की है। इस संबंध में फेडरेशन ने गेवरा क्षेत्र के महाप्रबंधक को पत्र सौंपकर 31 दिसंबर 2025 तक विधिवत गठित एवं नामित समितियों को ही मान्यता देने का आग्रह किया है।

फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रेशम लाल यादव द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि कोयला मजदूर सभा के केंद्रीय महामंत्री नाथूलाल पाण्डेय के विरुद्ध आर्थिक अनियमितताओं एवं संविधान-विरोधी गतिविधियों से संबंधित शिकायतें ट्रेड यूनियन कोल फेडरेशन तथा पंजीयक, व्यावसायिक संघ रायपुर के समक्ष लंबित हैं। ऐसे में जांच प्रक्रिया पूर्ण होने से पहले उनके द्वारा गठित समितियों की वैधता एवं प्रतिनिधित्व को लेकर गंभीर सवाल बने हुए हैं।

पत्र में आरोप लगाया गया है कि एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में कथित रूप से असंवैधानिक तरीके से समितियों का गठन कर प्रबंधन के समक्ष चर्चा एवं वार्ता के लिए पत्राचार किया जा रहा है, जिससे औद्योगिक संबंधों, प्रशासनिक प्रक्रियाओं और संगठनात्मक अनुशासन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।

फेडरेशन ने प्रबंधन से मांग की है कि 31 दिसंबर 2025 से पूर्व गठित समितियों को ही वार्ता के लिए आमंत्रित किया जाए, जांच पूरी होने तक विवादित समितियों के साथ किसी भी प्रकार की चर्चा अथवा पत्राचार पर रोक लगाई जाए तथा सभी परियोजनाओं एवं इकाई कार्यालयों को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं। संगठन ने औद्योगिक शांति, संगठनात्मक अनुशासन एवं वैधानिक प्रक्रियाओं के संरक्षण के लिए आवश्यक कार्रवाई की अपेक्षा व्यक्त की है। पत्र की प्रतिलिपि एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर के वरिष्ठ अधिकारियों तथा पंजीयक, व्यावसायिक संघ रायपुर को भी प्रेषित की गई है।