कोरबा, 01 जून 2026 (वेदांत समाचार)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हसदेव ताप विद्युत संयंत्र (एचटीपीएस) कोरबा पश्चिम में विश्व पर्यावरण सप्ताह उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को साइकिल रैली और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों, महिलाओं और बच्चों ने हिस्सा लिया।
रविंद्र सांस्कृतिक भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत “पर्यावरण संरक्षण का संदेश” थीम के साथ हुई। इस अवसर पर मुख्य अभियंता श्री एच.के. सिंह ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई और प्रकृति के संरक्षण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
इसके बाद संकल्प महिला मंडल कोरबा पश्चिम की अध्यक्ष श्रीमती रूक्मणी सिंह ने साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पर्यावरण जागरूकता का संदेश लेकर निकली यह रैली सीनियर क्लब से शुरू होकर पूरे आवासीय कॉलोनी क्षेत्र का भ्रमण करते हुए पुनः सीनियर क्लब पहुंची। रैली में संयंत्र के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ उनके परिवारों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेष रूप से बच्चों में इस आयोजन को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला।

साइकिल रैली के समापन के बाद सीनियर क्लब में बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चली इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग और कक्षाओं के बच्चों ने भाग लिया। बच्चों ने अपनी कल्पनाओं और रंगों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास, जल संरक्षण और स्वच्छ वातावरण जैसे विषयों को चित्रों में उकेरा।
एचटीपीएस प्रबंधन के अनुसार विश्व पर्यावरण सप्ताह के दौरान कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सहायक प्रबंधक (पर्यावरण) विकास उइके ने बताया कि इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “प्रकृति से प्रेरित होकर जलवायु और भविष्य का संरक्षण करें” रखी गई है। इसी थीम को केंद्र में रखकर कर्मचारियों और स्थानीय समुदाय को पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पर्यावरण सप्ताह के तहत नारा प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया है, जिसके लिए प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियां 3 जून दोपहर 2 बजे तक संयंत्र परिसर में विभिन्न स्थानों पर लगाए गए बॉक्स में जमा कर सकते हैं।
इसके अलावा 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सुबह 9:30 बजे से एचटीपीएस आवासीय परिसर में व्यापक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में पौधे रोपे जाएंगे और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य अभियंता एम.के. गुप्ता, एस.के. नायर, परियोजना प्रबंधक एस.के. पंड्या सहित संकल्प महिला मंडल की सदस्याओं और बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया।
एचटीपीएस कोरबा द्वारा आयोजित यह पर्यावरण सप्ताह न केवल कर्मचारियों और उनके परिवारों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर रहा है, बल्कि आने वाली पीढ़ी में भी प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करने का महत्वपूर्ण प्रयास साबित हो रहा है।

