कच्चे घर से पक्के आशियाने तक: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कराया गृह प्रवेश, चमन लाल के परिवार की बदली जिंदगी - vedantsamachar.in

कच्चे घर से पक्के आशियाने तक: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कराया गृह प्रवेश, चमन लाल के परिवार की बदली जिंदगी

रायपुर, 1 जून 2026। वर्षों तक कच्चे मकान में असुरक्षा और परेशानियों के बीच जीवन गुजारने वाले कोंडागांव जिले के ग्राम बड़ेकनेरा निवासी चमन लाल पवार के परिवार का सपना आखिरकार साकार हो गया। सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्मित उनके नए पक्के मकान में सपरिवार गृह प्रवेश कराकर उन्हें नई जिंदगी की सौगात दी।

मुख्यमंत्री ने परिवार से आत्मीय बातचीत कर उनके जीवन में आए बदलाव की जानकारी ली और कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि अंतिम व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाकर उसके जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाना है।इस अवसर पर चमन लाल पवार का घर एक और उपलब्धि का साक्षी बना। यह बस्तर संभाग का पहला प्रधानमंत्री आवास बन गया है, जहां प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर सिस्टम भी स्थापित किया गया है। इससे परिवार को आवास सुरक्षा के साथ-साथ स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा का लाभ भी मिल रहा है।

चमन लाल पवार ने बताया कि पहले उनका परिवार कच्चे मकान में रहता था, जहां बरसात में छत टपकती थी और तेज हवा या खराब मौसम के दौरान पूरी रात चिंता में गुजरती थी। बच्चों और परिवार की सुरक्षा को लेकर हमेशा भय बना रहता था। अब पक्का मकान मिलने से परिवार को सुरक्षा, स्थायित्व और सम्मान का एहसास हुआ है।उन्होंने कहा कि अब बारिश और आंधी-तूफान की चिंता नहीं रहती। यह मकान केवल एक घर नहीं, बल्कि उनके परिवार के लिए सम्मान, आत्मविश्वास और नए जीवन की शुरुआत का प्रतीक है।

चमन लाल के परिवार को शासन की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का भी लाभ मिल रहा है। उनकी पत्नी घंसतीन बाई और बहू संगीता पवार को महतारी वंदन योजना के तहत नियमित आर्थिक सहायता प्राप्त हो रही है। वहीं कृषि कार्यों के लिए भी परिवार को विभिन्न सरकारी योजनाओं का सहयोग मिल रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।परिवार ने अपने नए घर में सोलर सिस्टम लगवाकर बिजली खर्च में भी कमी लाई है। यह मॉडल ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ ऊर्जा, ऊर्जा बचत और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने वाला उदाहरण बनकर उभरा है।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान चमन लाल पवार और उनके परिवार ने प्रधानमंत्री Narendra Modi तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना और पीएम सूर्य घर योजना ने उनके जीवन में बड़ा बदलाव लाया है।ग्राम बड़ेकनेरा का यह परिवार इस बात का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया है कि जब सरकारी योजनाएं प्रभावी ढंग से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं, तो वे केवल सुविधाएं नहीं देतीं, बल्कि जीवन में सुरक्षा, सम्मान और नई उम्मीदों का संचार भी करती हैं।