धमतरी, 01जून (वेदांत समाचार)। Chhattisgarh Good News: शिक्षा और युवा सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस ने एक अभिनव पहल करते हुए ‘पुलिस की पाठशाला’ की शुरुआत की है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले गरीब एवं मेधावी विद्यार्थियों को ध्यान में रखकर स्थापित की गई इस विशेष लाइब्रेरी का लोकार्पण प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अरुणदेव गौतम ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा और ज्ञान से जोड़ना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा यह पहल उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
‘पुलिस की पाठशाला’ में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें विद्यार्थियों को निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही अध्ययन के लिए शांत एवं सकारात्मक वातावरण के अलावा आवश्यक मार्गदर्शन की भी व्यवस्था की गई है। इस लाइब्रेरी को समृद्ध बनाने में शहरवासियों ने भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। अनेक लोगों ने अपनी उपयोगी पुस्तकें दान कर इस सामाजिक अभियान को सफल बनाने में सहयोग दिया है।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए डीजीपी अरुणदेव गौतम ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उन्हें सही दिशा देने के लिए ऐसे प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पाठशाला धमतरी के विद्यार्थियों के लिए मील का पत्थर साबित होगी तथा यहां से तैयारी करने वाले युवा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने शिक्षा और मार्गदर्शन की ताकत का उदाहरण देते हुए एक प्रेरक अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि कांकेर जिले में पदस्थापना के दौरान एक पुलिस अधिकारी ने स्थानीय युवाओं के लिए करियर मार्गदर्शन और कोचिंग की व्यवस्था शुरू की थी। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए और कई युवाओं का चयन पुलिस, पटवारी सहित विभिन्न शासकीय पदों पर हुआ। इनमें से एक युवक आगे चलकर डीएसपी बना, जिसने अपनी कार्यशैली और जनसंपर्क के बल पर क्षेत्र में विशेष पहचान बनाई।
डीजीपी ने कहा कि इस प्रकार की पहलें पुलिस और युवाओं के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करती हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि नागरिकों के सहयोग से ऐसे प्रयास और अधिक प्रभावी तथा व्यापक बन सकते हैं।
कार्यक्रम में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, विद्यार्थियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। उपस्थित लोगों ने धमतरी पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा और सामाजिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

