छत्तीसगढ़ : छात्र ने लगाई फांसी, मोबाइल नहीं मिलने से था परेशान, रात में दादी की साड़ी फाड़ रहा था; फिर पेड़ पर लटका मिला शव

जशपुर। जशपुर जिले में एक स्टूडेंट ने फांसी लगाकर जान दे दी। वो मोबाइल फोन नहीं मिलने से कुछ दिनों से परेशान था। बताया गया कि रात के वक्त वह अपनी दादी की साड़ी फाड़ रहा था। उसकी दादी ने उससे पूछा भी था कि तुम ऐसा क्यों कर रहे हो। मगर उसने कोई जवाब नहीं दिया। अगले दिन पेड़ पर उसी साड़ी से बने फंदे से लटकी हुई उसकी लाश मिली है। मामला बगीचा थाना क्षेत्र का है।

बगीचा नगर पंचायत के डुमरटोली का रहने वाला जयनारायण 12वीं का छात्र था। वो पिछले कई दिनों से घरवालों से मोबाइल फोन की मांग कर रहा था। मगर आर्थिक तंगी की वजह से परिजन उसे फोन नहीं दिला पा रहे थे। जिसके कारण वह दुखी रहता था। आशंका जताई जा रही कि छात्र ने इसी वजह से जान दी होगी।

परिजनों ने बताया कि सोमवार शाम को वह कहीं बाहर गया था। इसके बाद वह रात को 10 बजे घर आ गया था। घर आने के बाद वह अपनी दादी की साड़ी फाड़ रहा था। उसकी दादी ने भी उसे साड़ी फाड़ते देखा था। इस पर उसने उससे पूछा कि तुम साड़ी क्यों फाड़ रहे हो। मगर उसने कोई जवाब नहीं दिया। ये देखकर उसकी दादी को लगा कि पैसे खोजने के लिए वो ऐसा कर रहा होगा, क्योंकि वह इससे पहले भी ऐसा कर चुका था।

इसके बाद घर के लोग सो गए थे। जयनारायण भी अपने कमरे में चला गया था। कहा जा रहा है कि मंगलवार सुबह जब उसकी दादी सो कर उठी तो उसने घर के सामने लगे पेड़ पर जयनारायण की फंदे पर लटकी हुई लाश देखी। जयनारायण ने उसी साड़ी से फंदा बनाकर फांसी लगा ली थी। जिसके बाद परिजनों को इस घटना की जानकारी दी गई। वहीं पुलिस को भी इस बारे में बताया गया था। खबर मिलने पर मौके पर पुलिस की टीम पहुंची। अब पुलिस मामले की जांच में जुटी है।