नारायणपुर, 31 मई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित और दूरस्थ अबुझमाड़ क्षेत्र में पुलिसिंग को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में नारायणपुर पुलिस ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। जिले में तकनीक आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए ‘e-मालखाना 2.0’ सॉफ्टवेयर का शुभारंभ किया गया है। इस नई डिजिटल व्यवस्था के तहत अब जिले के सभी 14 थानों में जब्त संपत्तियों और केस प्रॉपर्टी का प्रबंधन पूरी तरह डिजिटल प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा।
इस महत्वाकांक्षी पहल का शुभारंभ थाना कोहकामेटा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ शासन के वन, जलवायु परिवर्तन, जल संसाधन, कौशल विकास एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के करकमलों से किया गया। इस अवसर पर नारायणपुर पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
नारायणपुर पुलिस द्वारा विकसित ‘e-मालखाना 2.0’ की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि अब प्रत्येक जब्त संपत्ति और केस प्रॉपर्टी को एक यूनिक बारकोड प्रदान किया जाएगा। इस बारकोड को स्कैन करते ही संबंधित प्रकरण, जब्ती विवरण, जमा तिथि, वर्तमान स्थिति और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां तुरंत उपलब्ध हो जाएंगी। इससे मालखाने में रखी सामग्री की निगरानी, खोज और रिकॉर्ड प्रबंधन पहले की तुलना में अधिक आसान और सुरक्षित हो जाएगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बारकोड आधारित ट्रैकिंग सिस्टम मालखाना प्रबंधन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और व्यवस्थित बनाएगा। इससे कागजी रिकॉर्ड पर निर्भरता कम होगी और अभिलेखों के रखरखाव में होने वाली त्रुटियों की संभावना भी घटेगी। डिजिटल प्रणाली लागू होने से केस प्रॉपर्टी के संरक्षण और निगरानी की प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि शासन और प्रशासन में तकनीक आधारित नवाचार कार्यक्षमता बढ़ाने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने नारायणपुर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ‘e-मालखाना 2.0’ पुलिस विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही को नई मजबूती प्रदान करेगा तथा नागरिकों का भरोसा भी बढ़ाएगा।
वहीं पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया ने बताया कि आधुनिक पुलिसिंग में तकनीक का समावेश समय की मांग है। इसी सोच के तहत विकसित ‘e-मालखाना 2.0’ मालखाना प्रबंधन को पारंपरिक व्यवस्था से आगे बढ़ाकर पूर्णतः डिजिटल स्वरूप देगा। इससे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को रिकॉर्ड प्रबंधन एवं जांच संबंधी कार्यों में काफी सुविधा मिलेगी।
गौरतलब है कि नारायणपुर पुलिस सामुदायिक पुलिसिंग, जनसहभागिता और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में लगातार नए प्रयोग कर रही है। ‘e-मालखाना 2.0’ उसी श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जो अबुझमाड़ सहित पूरे जिले में स्मार्ट पुलिसिंग और डिजिटल प्रशासन को नई दिशा देने का काम करेगी। यह पहल भविष्य में पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक आधुनिक, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

