बिलासपुर में विवाहेत्तर प्रेम संबंध बना हत्या की वजह, पत्नी के प्रेमी की गला घोंटकर हत्या, पति और नाबालिग बेटा गिरफ्तार - vedantsamachar.in

बिलासपुर में विवाहेत्तर प्रेम संबंध बना हत्या की वजह, पत्नी के प्रेमी की गला घोंटकर हत्या, पति और नाबालिग बेटा गिरफ्तार

बिलासपुर, 31 मई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में विवाहेत्तर प्रेम संबंध एक युवक की हत्या का कारण बन गया। सकरी थाना क्षेत्र के सैदा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक का आरोपी की पत्नी के साथ पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। इसी बात से नाराज पति ने अपने नाबालिग बेटे के साथ मिलकर युवक की हत्या कर दी। सकरी पुलिस ने मामला दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में ले लिया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान दावेन्द्र कुमार बघेल (30 वर्ष) निवासी ग्राम राम्हेपुर, थाना लोरमी, जिला मुंगेली के रूप में हुई है। मृतक के बड़े भाई जितेन्द्र कुमार बघेल ने सकरी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 मई की सुबह दावेन्द्र बिना बताए अपनी मोटरसाइकिल से घर से निकला था। दोपहर में उन्हें सूचना मिली कि सैदा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित एक मकान में उसके साथ मारपीट की जा रही है और उसकी जान को खतरा है।

सूचना मिलने पर परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे। मकान के निचले हिस्से में ताला लगा हुआ था। घर के पीछे की खिड़की से ऊपर कमरे में पहुंचने पर उन्होंने दावेन्द्र को बेड के पास मृत अवस्था में पड़ा देखा। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद सकरी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर तत्काल विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उमेश साहू के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिव कामले (49 वर्ष) और उसके विधि से संघर्षरत पुत्र को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शिव कामले सैदा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रह रहा था और कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा क्षेत्र के एक मिडिल स्कूल में प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ है। पुलिस जांच में यह भी पता चला कि करीब दो वर्ष पहले एक पारिवारिक विवाह समारोह के दौरान उसकी पत्नी रीना कामले और मृतक दावेन्द्र कुमार बघेल के बीच परिचय हुआ था, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गया।

करीब एक माह पहले आरोपी शिव कामले को इस संबंध की जानकारी मिली थी। इसके बाद उसने अपनी पत्नी को मृतक से संपर्क नहीं रखने की चेतावनी दी थी और उसका मोबाइल सिम भी तोड़ दिया था। बावजूद इसके दोनों के बीच संपर्क जारी रहा।

पुलिस के अनुसार 30 मई को मृतक दावेन्द्र, रीना कामले को नया सिम कार्ड देने के लिए सैदा पहुंचा था। इस दौरान शिव कामले ने उसे देख लिया और अपने पुत्र के माध्यम से घर के अंदर बुला लिया। प्रारंभिक बातचीत के दौरान आरोपी ने मृतक को अपनी पत्नी से दूर रहने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ गया।

इसके बाद आरोपी शिव कामले और उसके पुत्र ने मिलकर दावेन्द्र के साथ मारपीट की। आरोप है कि दोनों ने प्लास्टिक की सुतली और मोबाइल चार्जर के केबल तार से उसका गला घोंट दिया तथा गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को कमरे में छोड़ दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है। सकरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हत्या की इस गुत्थी को कुछ ही घंटों में सुलझा लिया गया। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।