अनियंत्रित पिकअप बीच सड़क में पलटी,चालक गंभीर

जशपुरनगर। जिले भर में चार दिन से हो रही लगातार वर्षा के बीच लगातार सड़क दुर्घटना हो रही है। बीती रात एक बार फिर सन्ना थाना क्षेत्र में अनियंत्रित गति के कारण वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमे गंभीर रूप से घायल हुए चालक को इलाज के लिए अम्बिकापुर रेफर किया है। घटना जशपुर सन्ना मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम चंदाडीपा के पास हुई।

जानकारी के अनुसार जशपुर की ओर से आ रही एक तेज गति पिकअप बीच सड़क में अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में पिकअप चालक कलेश्वर राम गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसके सिर में चोट आई है। घटना की सूचना पर सन्ना पुलिस की टीम घटनास्थल पहुंची। घायल कलेश्वर को एंबुलेंस की सहायता से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सन्ना भेजने के साथ ही बीच सड़क में पलटी हुई पिकअप को किनारे कराया। उल्लेखनीय है कि गुरुवार को बाइक के अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर जाने से दो बाइक सवारों की मृत्यु हो गई थी। इन दिनों हो रही लगातार वर्षा के बीच वाहन चालकों की लापरवाही भारी पड़ रही है। जानकारों का मानना है कि बरसात से सड़क में पानी के जमाव से सड़क पर पहिए की पकड़ कम हो जाती है। वाहनों से रिसने वाले तेल के गिरे होने से अचानक ब्रेक लगाने की स्थिति में वाहन के फिसलने का खतरा बना रहता है। वर्षा होने पर विजिबलिटी भी कम हो जाती है। विंड स्क्रीन पर पानी की बूंदें जमा होने से भी आगे का दृश्य प्रभावित होता है। इसलिए आवश्यक है कि वर्षा के समय वाहन को कम गति में चलाए ताकि आपात स्थिति में ब्रेक लगाने पर फिसल कर वाहन के अनियंत्रित होने का खतरा न रहे।

सात माह में 155 दुर्घटना

इस साल 2022 में जनवरी से जुलाई माह में जिले की सड़कों में दुर्घटना के 155 मामले पुलिस विभाग ने पंजीबद्ध किए हैं। जिनमे 96 की मृत्यु हुई है और 132 घायल हुए हैं। जिला यातायात प्रभारी सौरभ चंद्राकर बताते हैं कि अधिकांश दुर्घटना यातायात नियमो का पालन न करने के कारण ही होती है। इनमें वाहन को तय गति सीमा से अधिक गति में चलाना,सीट बेल्ट,हेलमेट का प्रयोग न करना शामिल है।