बस्तर में जुए के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, खुड़खुड़ी जुआ खेलाते 3 आरोपी गिरफ्तार, 48 हजार रुपये जब्त - vedantsamachar.in

बस्तर में जुए के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, खुड़खुड़ी जुआ खेलाते 3 आरोपी गिरफ्तार, 48 हजार रुपये जब्त

बस्तर, 30 मई 2026 (वेदांत समाचार)। बस्तर पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बालेंगा के साप्ताहिक मुर्गा बाजार में संचालित खुड़खुड़ी जुआ फड़ पर छापा मारकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से जुआ खिलाने की सामग्री और 48,150 रुपये नगद जब्त किए हैं।

पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि बालेंगा साप्ताहिक बाजार में कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर खुड़खुड़ी नामक जुआ खेला रहे हैं। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में थाना बस्तर और साइबर क्राइम टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 29 मई को बाजार स्थल पर घेराबंदी की।

पुलिस को देखते ही कई जुआरी मौके से फरार हो गए, लेकिन टीम ने तीन आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डमरू सेठिया (38), महेंद्र बघेल उर्फ बिल्लू (35) और खीरकुमार नाग (32) के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से खुड़खुड़ी जुआ खिलाने की सामग्री और 48,150 रुपये नगद बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।

बस्तर पुलिस ने कहा कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।