कोरबा, 30 मई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री और रायगढ़ जिला प्रभारी रजनीश तिवारी ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि तमिलनाडु सरकार की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी मंदिरों, मस्जिदों, स्कूलों, धार्मिक स्थलों और घनी आबादी वाले रिहायशी क्षेत्रों के आसपास चल रही शराब दुकानों को तुरंत हटाया जाए।
तिवारी ने बयान में कहा कि तमिलनाडु में सरकार ने जनभावनाओं और सामाजिक सौहार्द को देखते हुए बड़ी संख्या में शराब दुकानों को बंद करने और उनके स्थानांतरण का फैसला लिया है। इस पहल से आम लोगों को राहत मिलेगी। सामाजिक माहौल बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के कई शहरों और कस्बों में आज भी स्कूलों, धार्मिक स्थलों और आवासीय इलाकों के पास शराब दुकानें चल रही हैं। महिलाओं, विद्यार्थियों, स्थानीय लोगों को परेशानी होती है।
ऐसे स्थानों पर सामाजिक और कानून-व्यवस्था से जुड़ी दिक्कतें भी खड़ी होती हैं। तिवारी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आग्रह किया कि जनहित को प्राथमिकता दी जाए। प्रदेशभर में शराब दुकानों की समीक्षा कराई जाए। संवेदनशील और घनी आबादी वाले इलाकों में चल रही दुकानों को तुरंत दूसरे उपयुक्त स्थानों पर शिफ्ट करने का आदेश जारी किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश में अमन, शांति, सामाजिक सद्भाव मजबूत होगा।

