कोरबा, 30 मई। प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन आज कोरबा नगर निगम क्षेत्र में 1 करोड़ 8 लाख 5 हजार रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इसके साथ ही वे बिलासपुर में आयोजित जिला उद्योग संघ के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भी शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंत्री देवांगन दोपहर 2:45 बजे अपने कोरबा स्थित निज निवास चारपारा कोहड़िया से रवाना होकर दोपहर 3 बजे सर्वमंगला नगर जोन के वार्ड-61 बरमपुर पहुंचेंगे। यहां वे 51.50 लाख रुपये की लागत से तीन विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इनमें बीच बस्ती ट्रांसफार्मर से नदी तक नाली एवं कल्वर्ट निर्माण, चौतु मंझवार के खेत से नदी तक नाली निर्माण तथा वार्ड-64 इमलीछापर में सीसी रोड निर्माण कार्य शामिल हैं।
इसके बाद शाम 4 बजे दर्री जोन के वार्ड-52 अयोध्यापुरी में 56.55 लाख रुपये की लागत से पांच विकास कार्यों की आधारशिला रखी जाएगी। इनमें सीसी रोड निर्माण, सांस्कृतिक मंच निर्माण, ठाकुरदेव स्थल के पास शेड निर्माण, स्वामी आत्मानंद स्कूल गोपालपुर में किचन शेड एवं विस्तार कार्य तथा सरदार वल्लभभाई पटेल नगर बस स्टैंड के पास वेंडिंग जोन निर्माण शामिल हैं।
विकास कार्यों के भूमिपूजन के बाद मंत्री देवांगन शाम 5 बजे कोरबा से बिलासपुर के लिए रवाना होंगे और शाम 6:30 बजे उद्योग भवन में जिला उद्योग संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। कार्यक्रम के पश्चात वे रात में वापस कोरबा लौटेंगे।

