नई दिल्ली,29 मई : RR vs GT Qualifier 2: आईपीएल 2026 का दूसरा क्वालिफायर राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाना है. एलिमिनेटर मुकाबले में जिस तरह से न्यू चंडीगढ़ की पिच पर राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को रगड़ा है, उसके बाद क्वालिफायर 2 और भी दिलचस्प हो गया है. निगाहें एक बार फिर से वैभव सूर्यवंशी पर होगी, क्योंकि मुकाबला न्यू चंडीगढ़ में ही हैं. गुजरात के खिलाफ क्वालिफायर 2 से पहले वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ा दावा भी हुआ है. ये दावा उनके कोच मनीष ओझा ने TV9 से बातचीत में किया है. मनीष ओझा के मुताबिक राजस्थान अगर क्वालिफायर 2 जीतती है तो वैभव सूर्यवंशी IPL 2026 मेअपने सफर का अंत 80 छक्के और 800 रन के साथ करते दिख सकते हैं.
वैभव सूर्यवंशी लगा सकते हैं 80 छक्के, बड़ा दावा
वैभव सूर्यवंशी के कोच मनीष ओझा के मुताबिक राजस्थान की टीम अगर गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालिफायर 2 मुकाबला जीतती है तो फिर वैभव सूर्यवंशी IPL 2026 में अपने सफर का अंत 80 छक्के और 800 से ज्यादा रन बनाते हुए कही है. मनीष ओझा ने क्वालिफायर 2 में राजस्थान रॉयल्स की जीत की उम्मीद जताई है. लेकिन, ये भी माना कि उसके लिए वैभव सूर्यवंशी के बल्ले का चलना जरूरी है. कोच के मुताबिक वैभव की बल्लेबाजी के चलने पर राजस्थान को जीतने से कोई नहीं रोक सकता.
‘वैभव को जो करना है, वो वही करेंगे’
वैभव सूर्यवंशी क्वालिफायर 2 में जिन गेंदबाजों का सामना करेंगे उसमें कैगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, राशिद खान जैसे बड़े नाम है. जब हमने उन गेंदबाजों के खिलाफ वैभव की बल्लेबाजी को लेकर बात की तो कोच मनीष ओझा ने कहा कि वैभव को गेंदबाजों से कोई फर्क नहीं पड़ता. उसे जो करना होगा, वो वही करेगा. कोच ने कहा कि वैभव के पास दो ही विकल्प होते हैं. पहला गेंद को देखकर उसे मारना, उसकी मेरिट के अनुसार उसे ट्रीट करना और दूसरा आउट हो जाना. मनीष ओझा ने माना कि राजस्थान रॉयल्स की बल्लेबाजी काफी हद तक वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल पर आश्रित है. ऐसे में इन दोनों बल्लेबाजों का खेलना जरूरी होगा.
GT के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन कैसा है?
राजस्थान रॉयल्स के लिए अच्छी बात ये है कि गुजरात टाइटंस के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी का रिकॉर्ड अच्छा है. उन्होंने इसी टीम के खिलाफ पिछले सीजन अपना पहला IPL शतक लगाया है. गुजरात के खिलाफ अब तक खेले 3 मैचों में वैभव सूर्यवंशी ने 233.33 की स्ट्राइक रेट से 168 रन बनाए हैं. वो तीनों मैचों में आउट हुए. उन्हें सिराज, प्रसिद्ध और राशिद ने 1-1 बार आउट किया.
IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी का कमाल
वैभव सूर्यवंशी का IPL 2026 में हर लिहाज से दबदबा बरकरार है. वो इस सीजन सबसे ज्यादा रन, सबसे ज्यादा छक्के जमाने और सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट वाले बल्लेबाज हैं. वैभव सूर्यवंशी ने 242.85 की स्ट्राइक रेट से 15 मैचों में 680 रन बनाए हैं, जिसमें 4 अर्धशतक और 1 शतक शामिल है. इस दौरान वो 65 छक्के लगा चुके हैं.
ऐसा हुआ तो कोच का दावा हो सकता है सच
अब अगर क्वालिफायर 2 जीतकर राजस्थान ने फाइनल का टिकट कटाया तो जैसा वैभव सूर्यवंशी के कोच मनीष ओझा ने दावा किया है कि वो इस सीजन 80 छक्के और 800 से ज्यादा रन बना सकते हैं, वो दावा सच भी हो सकता है.

