अम्बिकापुर प्रदेश का दूसरा सर्वाधिक वर्मी खाद निर्माण करने वाला नगरीय निकाय

अम्बिकापुर । गोधन न्याय योजना अंतर्गत गोठान में गोबर खरीदी उपरांत वर्मी खाद, सुपर कम्पोस्ट व सुपर कंपोस्ट प्लस खाद का निर्माण समूह की महिलाओं की ओर से किया जा रहा है। नगर निगम अम्बिकापुर अंतर्गत गोठानों में अब तक कुल 22533 क्विंटल वर्मी व सुपर कम्पोस्ट खाद का निर्माण किया गया है, जो प्रदेश के नगरीय निकायों में दूसरा सर्वाधिक है। अम्बिकापुर नगर निगम अंतर्गत वतर्मान में केवल एक गोठान घुटरापारा में निर्मित है, जहां गोबर खरीदी एवं वर्मी खाद का निर्माण स्वच्छ अम्बिकापुर मिशन सिटी लेवल फेडरेशन के महिला समूहों की ओर से किया जा रहा है। गोठान में निर्मित वर्मी खाद को सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को बिक्री किया जा रहा है।

नमनाकला समिति की ओर से सर्वाधिक बिक्री : 

अम्बिकापुर जनपद के नमनाकला सहकारी समिति की ओर से जिले में सर्वाधिक वर्मी खाद का विक्रय किया गया है। इस समिति की ओर से अब तक 77 लाख 40 हजार 920 रुपए का 9308 क्विंटल वर्मी व सुपर कम्पोस्ट खाद बेचा गया है, जो प्रदेश का चौथा सर्वाधिक वर्मी खाद बेचने वाला समिति है। उल्लेखनीय है कि गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदी केलिए जिले के 312 गोठान पंजीकृत हैं। इन गोठनों में महिला समूहों की ओर से निर्मित वर्मी खाद को 39 सहकारी समितियां के माध्यम से किसानों व संबंधित विभागों को विक्रय किया जा रहा है।