जांजगीर-चांपा में सामाजिक एकता और शिक्षा को बढ़ावा: वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया सामुदायिक भवनों का उद्घाटन, मेधावियों का सम्मान - vedantsamachar.in

जांजगीर-चांपा में सामाजिक एकता और शिक्षा को बढ़ावा: वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया सामुदायिक भवनों का उद्घाटन, मेधावियों का सम्मान

जांजगीर-चांपा, 28 मई 2026 (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं जांजगीर-चांपा जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी गुरुवार को जिले के कापन और बलौदा में आयोजित सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अखिल भारतीय अघरिया समाज के क्षेत्रीय सम्मेलन में भाग लेते हुए अघरिया सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया तथा नगर पंचायत बलौदा में स्वर्ण मंडपम सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

कापन में आयोजित अखिल भारतीय अघरिया समाज की क्षेत्रीय सभा के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे मजबूत आधार है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओपी चौधरी ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। नई पीढ़ी को बेहतर शिक्षा, संस्कार और अवसर प्रदान कर ही समाज को सशक्त और विकसित बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक कार्यक्रम समाज में एकजुटता, सामुदायिक भावना और सकारात्मक सोच को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। किसानों, युवाओं, महिलाओं और समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। ओपी चौधरी ने समाजजनों से शिक्षा और संस्कारों को प्राथमिकता देकर आने वाली पीढ़ी को बेहतर भविष्य देने का आह्वान किया।

छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकजुटता में निहित होती है। उन्होंने कहा कि अघरिया समाज शिक्षा, कृषि और सामाजिक विकास के क्षेत्र में लगातार अग्रणी भूमिका निभा रहा है और समाज के पदाधिकारियों के नेतृत्व में विकास के कार्य निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।

पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े ने कहा कि अघरिया सामुदायिक भवन का उद्घाटन समाज के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि यह भवन सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए समाज को एक सशक्त मंच प्रदान करेगा, जिससे सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।

इसके बाद वित्त मंत्री ओपी चौधरी नगर पंचायत बलौदा के जंगलवा डबरी पहुंचे, जहां उन्होंने स्वर्ण मंडपम सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वर्णकार समाज को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज की प्रगति शिक्षा, संगठन और संस्कारों से ही संभव है। उन्होंने समाज द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यों की सराहना की।

कार्यक्रम में सांसद कमलेश जांगड़े ने भी समाजजनों को शुभकामनाएं देते हुए सामुदायिक भवन को सामाजिक एकता का प्रतीक बताया। छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

इस अवसर पर पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष कविता डहरिया, नगर पंचायत उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार सोनी, कार्तिकेश्वर श्रवणकार, अमर सुल्तानिया, जनपद पंचायत अकलतरा अध्यक्ष शकुन देव अघरिया, शंकरलाल गौतम, संगीता देवेंद्र गौतम, आकाश सिंह, विकास शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।